
वर्षों बाद गुरु-शिष्य के मिलन का भावुक क्षण, देहरादून में सामने आया यादगार दृश्य
देहरादून। जीवन में कुछ मुलाकातें ऐसी होती हैं, जो पद, प्रतिष्ठा और औपचारिकताओं से परे सीधे हृदय को स्पर्श कर जाती हैं। ऐसी ही भावुक अनुभूति तब देखने को मिली, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अपने पूर्व शिक्षकों से मुलाकात हुई। वर्षों बाद अपने गुरुजनों को सामने देखकर मुख्यमंत्री ने बिना किसी औपचारिकता के आगे बढ़कर दोनों शिक्षकों के चरण स्पर्श किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्राथमिक कक्षा के शिक्षक जोहरा अब्बास तथा कक्षा 12वीं के शिक्षक सुदर्शन वर्मा से उनकी मुलाकात हुई। दोनों शिक्षकों ने अपने पुराने विद्यार्थी को प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में देखकर स्नेह और प्रसन्नता व्यक्त की।


शिक्षकों ने पुरानी यादें साझा करते हुए बताया कि पुष्कर सिंह धामी पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ विद्यालय की अन्य गतिविधियों में भी काफी सक्रिय रहते थे। वे विभिन्न कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लेते थे और एक होनहार एवं बहुमुखी प्रतिभा के धनी विद्यार्थी के रूप में उनकी पहचान थी।
शिक्षकों ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में उनकी सक्रियता, सहभागिता और आगे बढ़ने का उत्साह हमेशा याद रहेगा। आज उन्हें इस रूप में देखकर स्वाभाविक रूप से गर्व का अनुभव हो रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने भी अपने शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके योगदान को स्मरण किया और कहा कि यह मुलाकात अपने विद्यार्थी जीवन की जड़ों से पुनः जुड़ने का आत्मीय अवसर है।




