
सोमेश्वर। कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक रेखा आर्या शुक्रवार को सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा एवं धन्यवाद रैली में शामिल हुईं। रैली में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और महिलाओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। बताया गया कि समर्थन में उमड़ी भीड़ को देखकर रेखा आर्या भावुक नजर आईं।
जनता का आभार जताते हुए रेखा आर्या ने कहा कि विषम परिस्थितियों में क्षेत्र के लोगों ने जो प्रेम और विश्वास दिखाया, वह उनके जीवन की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पूंजी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा क्षेत्र और प्रदेश के हितों को सर्वोपरि रखकर काम किया है और आगे भी सोमेश्वर के विकास तथा जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता से जुटी रहेंगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने उन्हें अपनी बेटी मानकर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगी।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए रेखा आर्या ने कहा कि विपक्ष की ओर से उनकी परिस्थितियों को लेकर अनर्गल सवाल उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दूसरों पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को अपने कार्यकाल का हिसाब जनता को देना चाहिए। उसे अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए कि उसके समय में कितने घोटाले हुए। रेखा आर्या ने सवाल किया कि सत्ता में रहते हुए कांग्रेस ने सोमेश्वर और प्रदेश के विकास के लिए क्या किया। उन्होंने कहा कि केवल बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप से जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता।

उन्होंने कहा कि विपक्ष के निराधार सवालों से उनकी जनसेवा की प्रतिबद्धता कमजोर नहीं होगी। उनके लिए राजनीति का उद्देश्य पद नहीं, बल्कि जनता की सेवा और क्षेत्र का विकास है। रास्ते में कितनी भी चुनौतियां और बाधाएं आएं, वे पीछे हटने वाली नहीं हैं। समस्याओं का समाधान, क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और जनहित के कार्य उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेंगे। रैली में आए सभी लोगों का आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि यह समर्थन उन्हें नई ऊर्जा और संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, सोमेश्वर मंडल अध्यक्ष सुंदर राणा, गणेश जलाल, दीपक बोरा, हरीश परिहार, जिला मंत्री वंदना आर्या, पूर्व मंडल अध्यक्ष खड़क सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष अंजलि जोशी, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष दिनेश वर्मा और विश्व हिंदू महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष राजू रावत समेत पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।




