
देहरादून। विद्यालयी शिक्षा विभाग में लंबे समय से प्रतीक्षित पदोन्नति का तोहफा आखिरकार कार्मिकों को मिल गया है। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के अनुमोदन के बाद विभाग के डेढ़ दर्जन उप शिक्षा निदेशकों को संयुक्त शिक्षा निदेशक के रिक्त पदों पर पदोन्नत कर नई तैनाती दे दी गई है। इस संबंध में सचिव शिक्षा ज्योति यादव की ओर से पदोन्नति एवं पदस्थापना आदेश जारी कर दिया गया है।
शिक्षा मंत्री डॉ. रावत ने विभागीय समीक्षा बैठकों में स्पष्ट निर्देश दिए थे कि किसी भी कार्मिक की पदोन्नति लंबित न रखी जाए, क्योंकि पदोन्नति कार्मिकों का मूल अधिकार है। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई है।
जारी आदेश के अनुसार, विजयपाल सिंह को सीमैट में विभागाध्यक्ष, चंदन सिंह बिष्ट को संयुक्त निदेशक महानिदेशालय, आकाश सारस्वत को प्राचार्य डायट रुड़की तथा गोविंद राम जायसवाल को संयुक्त निदेशक महानिदेशालय के साथ प्रभारी अपर निदेशक माध्यमिक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
जिला स्तर पर बड़े फेरबदल में जगदीश प्रसाद काला को सीईओ देहरादून, सुरेश चंद्र आर्य को सीईओ नैनीताल, विनय आर्य को सीईओ बागेश्वर, प्रेमलाल भारती को सीईओ उत्तरकाशी, पुष्कर लाल टम्टा को सीईओ ऊधमसिंह नगर, चण्डी प्रसाद रतूड़ी को सीईओ चम्पावत, अमित कोटियाल को सीईओ चमोली और संजीव जोशी को सीईओ हरिद्वार बनाया गया है।
इसके अलावा मंजू भारती को प्राचार्य डायट देहरादून, श्रीकांत पुरोहित को संयुक्त निदेशक मध्याह्न भोजन, पंकज शर्मा को संयुक्त निदेशक माध्यमिक, शैलेंद्र अमोली को संयुक्त निदेशक प्रारंभिक शिक्षा और तरुण कुमार पंत को उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा बोर्ड का अपर सचिव बनाया गया है। जबकि रणजीत सिंह नेगी को बाध्य प्रतीक्षा में रखा गया है, जो सीईओ पौड़ी के सेवानिवृत्त होने के बाद पौड़ी की कमान संभालेंगे।
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि इन अधिकारियों के अनुभव से विभागीय कार्यों में गति आएगी और शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, जिसका सीधा लाभ छात्रों को मिलेगा।



