
बेटियों संग अन्याय करने वाली कांग्रेस को न्याय यात्रा का हक नहीं – भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने बेटियों के उत्पीड़न मामले में कांग्रेस नेता के भाइयों के खिलाफ हुई कार्रवाई को जायज ठहराया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह के भाइयों पर कानूनी कार्रवाई में सीएम की भूमिका पर सवाल खड़ा करने वाले कांग्रेसियों को बताना चाहिए कि उन्हें किस बात पर आपत्ति है। पीड़ित समाज किसको बोलेगा? मुख्यमंत्री हर चीज का संज्ञान ले रहे हैं तो इसकी सराहना होनी चाहिए।
भट्ट ने कहा कि सार्वजनिक ऑडियो में जिस तरह अपशब्दों का प्रयोग कर बेटियों को डराया गया, परिवार में भय का माहौल बनाया गया, वह बेहद निंदनीय है और यह कांग्रेस नेताओं के संस्कारों को दर्शाता है। यदि मुख्यमंत्री ने संज्ञान लेकर कार्रवाई कराई है तो यह उचित है।
कांग्रेस की न्याय यात्रा पर तंज कसते हुए भट्ट ने कहा कि जिनकी पार्टी के बड़े नेताओं के संरक्षण में बहनों को खुलेआम धमकाया जा रहा हो, उनकी यात्रा का सही नाम ‘अन्याय यात्रा’ होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता जमीन से कट चुके हैं, उन्हें भीड़ का अंदाजा नहीं है और जनता उनकी झूठ, भ्रम और प्रपंच आधारित यात्रा को अन्याय यात्रा के रूप में देख रही है।



