
भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल बोले- उत्तराखंड की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें सपा प्रमुख, नहीं तो उनके आवास पर देंगे धरना
मसूरी । उत्तराखंड के लोगों को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की कथित टिप्पणी के विरोध में मसूरी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया और बयान को उत्तराखंड के नागरिकों का अपमान करार दिया। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रदेश की अस्मिता और जनता के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि अखिलेश यादव ने उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताकर प्रदेश के प्रत्येक नागरिक का अपमान किया है। उनका यह बयान उत्तराखंड के प्रति समाजवादी पार्टी की सोच को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों ने लंबे संघर्ष और अनेक बलिदानों के बाद अलग राज्य हासिल किया है। ऐसे में प्रदेश की जनता के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रजत अग्रवाल ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के इतिहास का उल्लेख करते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के पिता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में अलग राज्य की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे लोगों पर मसूरी, खटीमा और मुजफ्फरनगर सहित विभिन्न स्थानों पर पुलिस कार्रवाई हुई थी। राज्य आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं और आंदोलनकारियों के बलिदान को उत्तराखंड की जनता आज भी नहीं भूली है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव की टिप्पणी उसी मानसिकता को दर्शाती है, जिसने कभी उत्तराखंड की अलग राज्य की मांग का विरोध किया था। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की अपनी विशिष्ट पहचान, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास है। यहां के लोगों के योगदान और सम्मान का हर राजनीतिक दल को आदर करना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस को भी निशाने पर लिया। रजत अग्रवाल ने कहा कि अखिलेश यादव की टिप्पणी पर उत्तराखंड कांग्रेस के बड़े नेताओं की ओर से कोई कड़ी प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उन्होंने कांग्रेस की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस दोनों को उत्तराखंड की जनता के सम्मान के मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
रजत अग्रवाल ने अखिलेश यादव से उत्तराखंड के लोगों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सपा प्रमुख ने माफी नहीं मांगी तो मसूरी से भाजपा कार्यकर्ता उनके आवास की ओर कूच करेंगे और वहां धरना-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता के सम्मान के लिए भाजपा का विरोध तब तक जारी रहेगा, जब तक अखिलेश यादव सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते।



