
नगर निगम से शुरू होकर घंटाघर और पलटन बाजार होते हुए वापस नगर निगम पहुंचेगी शोभायात्रा, छह स्थानों पर बनाए जाएंगे डायवर्जन एवं बैरियर पॉइंट
देहरादून । वाल्मीकि जयंती के अवसर पर सोमवार, 26 अक्टूबर को देहरादून में निकलने वाली शोभायात्रा के मद्देनजर दून पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। शोभायात्रा के दौरान आमजन को आवागमन में असुविधा न हो और यातायात सुचारु बना रहे, इसके लिए दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक रूट डायवर्जन प्लान लागू रहेगा।
पुलिस के अनुसार शोभायात्रा नगर निगम कार्यालय से प्रारंभ होकर बुद्धा चौक, दर्शनलाल चौक, घंटाघर, पलटन बाजार, राजा रोड कट, द्रोण कट और दून चौक होते हुए वापस नगर निगम कार्यालय पहुंचेगी। शोभायात्रा की स्थिति और उसके आगे बढ़ने के अनुसार विभिन्न मार्गों पर यातायात को डायवर्ट किया जाएगा।
निर्धारित प्लान के तहत शोभायात्रा के नगर निगम कार्यालय से रवाना होने पर तहसील चौक और दून चौक से बुद्धा चौक जाने वाले वाहनों को दर्शनलाल चौक की ओर से भेजा जाएगा। शोभायात्रा के बुद्धा चौक पार करने के बाद बुद्धा चौक से दर्शनलाल चौक जाने वाले यातायात को लैंसडाउन चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसी तरह शोभायात्रा के दर्शनलाल चौक पार करने पर वहां से घंटाघर जाने वाले वाहनों को भी लैंसडाउन चौक से होकर भेजा जाएगा।
शोभायात्रा के घंटाघर से पलटन बाजार में प्रवेश करने के बाद सभी डायवर्जन स्थलों पर यातायात व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी। इसके बाद शोभायात्रा के राजा रोड कट पार करने पर प्रिंस चौक से द्रोण कट जाने वाले वाहनों को चंदर नगर कट से भेजा जाएगा। शोभायात्रा के द्रोण कट पार करने पर द्रोण कट से दून चौक जाने वाले यातायात को तहसील चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, शोभायात्रा के दून चौक पार करने पर तहसील चौक से दून चौक जाने वाले वाहनों को दर्शनलाल चौक से होकर भेजा जाएगा।
यातायात व्यवस्था के सुचारु संचालन के लिए तहसील चौक, दर्शनलाल चौक, बुद्धा चौक, प्रिंस चौक, द्रोण कट और दून चौक पर डायवर्जन एवं बैरियर पॉइंट बनाए जाएंगे। इन स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी।
दून पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शोभायात्रा के दौरान निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें, पुलिसकर्मियों के निर्देशों का सहयोग करें और संभावित असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।



