
देहरादून के नामी समर वैली स्कूल में कक्षा 11 की छात्रा से कथित छेड़छाड़ (बैड टच) के मामले ने तूल पकड़ लिया है। पीड़िता और उसकी मां की लिखित शिकायत पर पुलिस ने आरोपी फिजिक्स टीचर रवींद्र भृगु के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। स्कूल प्रबंधन ने शिक्षक को निलंबित कर दिया है, जबकि जांच के लिए महिला पुलिस अधिकारी नियुक्त की गई है।
क्या है पूरा मामला?
परिवार का आरोप है कि फिजिक्स टीचर (जो क्लास टीचर भी हैं) करीब डेढ़ महीने से छात्रा को परेशान कर रहे थे और गलत तरीके से छूते थे। छात्रा का दावा है कि वे लड़कियों के साथ-साथ लड़कों को भी अनुचित तरीके से छूते थे। 15 अक्टूबर को छात्रा ने 15 अन्य छात्राओं के हस्ताक्षर वाली लिखित शिकायत प्रधानाचार्य को दी थी। स्कूल प्रबंधन ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन परिवार का आरोप है कि बाद में छात्रा पर दबाव बनाया गया और मामले को दबाने की कोशिश की गई।
परिवार का गंभीर आरोप है कि 16 अक्टूबर को डायरेक्टर अशोक वासु ने छात्रा से कहा कि “घर में पिताजी भी तो टच करते हैं… अगर गलत जगह छुआ है तो मुझे छूकर दिखाओ।” इसके बाद छात्रा स्कूल जाना बंद कर दी। 23 अक्टूबर को मां-बेटी स्कूल पहुंचीं तो प्रबंधन ने उन्हें घंटों अंदर रोके रखने का आरोप भी लगाया गया। परिवार ने शिकायत की कॉपी और CCTV फुटेज न देने का भी आरोप लगाया।
प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई
चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की पहल और काउंसलिंग के बाद छात्रा ने पुलिस को तहरीर दी। एसपी सिटी शेखर चंद्र सुयाल और एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के अनुसार, तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर ली गई है। जांच महिला अधिकारी की निगरानी में हो रही है। सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा स्कूल की जिम्मेदारी है और किसी को भी बचने नहीं दिया जाएगा।
आरोपी टीचर का पक्ष
आरोपी शिक्षक रवींद्र भृगु ने वीडियो जारी कर सफाई दी। उन्होंने कहा, “25 साल के फिजिक्स टीचिंग करियर में पहली बार मुझ पर ऐसा आरोप लगा है। मैं बच्चों को अपने बेटे-बेटी के समान मानता हूं। अगर जाने-अनजाने कोई गलती हुई है तो तहे दिल से माफी मांगता हूं।”
प्रदर्शन और आगे की मांग
स्कूल के बाहर NSUI और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने सख्त कार्रवाई, शिक्षक की बर्खास्तगी और डायरेक्टर से असेंबली में सार्वजनिक माफी की मांग की। अभिभावक संघों ने POCSO अधिनियम के तहत कार्रवाई की भी मांग की है।
मामले की जांच जारी है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।




