
मेलाधिकारी सोनिका ने बैरागी कैंप, दक्षद्वीप और एनएच-74 का किया निरीक्षण, कुंभ से पहले हरिद्वार बाईपास चालू करने पर जोर
हरिद्वार । कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में स्थायी निर्माण कार्यों के साथ अस्थायी व्यवस्थाओं को भी गति दी जा रही है। मेला क्षेत्र में शिविरों के लिए भूमि तैयार करने, अस्थायी सड़कों के निर्माण, पेयजल और बिजली की व्यवस्था के साथ बस अड्डों तथा पार्किंग स्थलों को विकसित करने का काम तेज किया गया है। इसी क्रम में मेलाधिकारी सोनिका ने गुरुवार को बैरागी कैंप, दक्षद्वीप, हरिद्वार बाईपास और राष्ट्रीय राजमार्ग-74 के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी जरूरी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे करने और कुंभ से पहले हरिद्वार बाईपास को यातायात के लिए चालू करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने बैरागी कैंप और दक्षद्वीप में कुंभ शिविरों के लिए निर्धारित भूमि पर चल रहे समतलीकरण और साफ-सफाई के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शिविर स्थलों को समय से तैयार करने के साथ वहां बिजली, पेयजल, संपर्क मार्ग और अन्य बुनियादी सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएं, ताकि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं और संबंधित व्यवस्थाओं के संचालन में परेशानी न हो।
दक्षद्वीप में प्रस्तावित अस्थायी बस अड्डे का निर्माण शीघ्र पूरा करने के निर्देश देते हुए मेलाधिकारी ने वाहनों की आवाजाही को सुचारु और व्यवस्थित बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बस अड्डों और पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त जनसुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था और आवागमन के उचित प्रबंध किए जाएं। हद्दीपुर में प्रस्तावित पार्किंग स्थल के विकास के साथ वहां तक पहुंचने वाले मार्गों और पुलों से संबंधित कार्य भी जल्द पूरे करने को कहा गया।
मेलाधिकारी सोनिका ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की हरिद्वार बाईपास परियोजना के फ्लाईओवर सहित अन्य निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने एनएच-74 पर चिड़ियापुर तक मार्ग की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हरिद्वार बाईपास का निर्माण अविलंब पूरा कर कुंभ से पहले इसे यातायात के लिए चालू किया जाए।
एनएच-74 पर अंजनी चौकी के निकट प्वाइंट 4.2 पर बाईपास के अंतिम छोर को व्यवस्थित करने और आवश्यक संकेतक (साइनेज) लगाने के निर्देश भी दिए गए। इससे वाहन चालकों को मार्ग की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी और यातायात संचालन में सुविधा होगी। मेलाधिकारी ने मौके पर मौजूद एनएचएआई अधिकारियों के साथ ही नजीबाबाद के परियोजना निदेशक से दूरभाष पर बातचीत कर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबित कार्यों में तेजी लाने को कहा। चिड़ियापुर के निकट अधूरे फ्लाईओवर का कार्य भी कुंभ की आवश्यकताओं को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
मेला प्रशासन के अनुसार, कुंभ क्षेत्र में स्थायी अवस्थापना विकास के साथ अस्थायी व्यवस्थाओं को समय पर तैयार करना भी महत्वपूर्ण है। इसके लिए विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं और एनएचएआई के साथ समन्वय कर काम कराया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन, शिविरों के संचालन और वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं उपलब्ध हो सकें।
निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, टेक्निकल सेल के अधीक्षण अभियंता मनोज भट्ट, पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, जल निगम के अधिशासी अभियंता राजेश गुप्ता सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अभियंता और एनएचएआई के अधिकारी मौजूद रहे।



