
सीडीओ अभिनव शाह ने थेवा-मालदेवता में की पहली चौपाल, क्षतिग्रस्त नहर-पुलिया की मरम्मत से लेकर विद्यालय में पेयजल तक की समस्याओं पर दिए निर्देश
देहरादून । ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से देहरादून जिला प्रशासन ने ‘रात्रि चौपाल’ की शुरुआत की है। इसके तहत प्रशासनिक अधिकारी गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश देंगे। पहल के तहत पहली रात्रि चौपाल विकासखंड रायपुर की ग्राम पंचायत थेवा, मालदेवता में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इसमें ग्रामीणों ने सिंचाई की क्षतिग्रस्त नहर, टूटी पुलिया, जर्जर विद्यालय भवन, धान की फसल में रोग, सड़क निर्माण से जलभराव और पेयजल जैसी समस्याएं उठाईं।
चौपाल में सीडीओ ने ग्रामीणों की शिकायतें सुनते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रात्रि चौपाल का उद्देश्य गांवों की छोटी-बड़ी समस्याओं की पहचान कर स्थानीय स्तर पर उनका समाधान सुनिश्चित करना है। इससे ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के सामने रखने का अवसर मिलेगा और विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर निस्तारण की प्रक्रिया तेज की जा सकेगी।
नहर, पुलिया और फसल की समस्या पर कार्रवाई के निर्देश
मालदेवता निवासी बच्चन सिंह कठैत ने सिंचाई नहर के क्षतिग्रस्त होने, पुलिया की मरम्मत, विद्यालय के जर्जर भवन तथा धान की फसल में रोग और खरपतवार से हो रहे नुकसान का मुद्दा उठाया। इस पर सीडीओ ने सिंचाई विभाग और लोक निर्माण विभाग को नहर तथा पुलिया की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग को फसल में रोग और खरपतवार से हुए नुकसान का परीक्षण कर किसानों को उचित तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने को कहा गया। खरपतवार के नमूने पंतनगर भेजकर उसकी पहचान और प्रभाव का आकलन करने के निर्देश भी दिए गए।
विद्यालय भवन के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली गई है और जल्द धनराशि उपलब्ध होने की संभावना है। इस पर आवश्यक प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया गया।
जलभराव और पेयजल की समस्याओं पर भी सुनवाई
क्षेत्रवासी मनोज पंवार ने घर के पास सड़क निर्माण के कारण पानी की निकासी बाधित होने और जलभराव की समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया। सीडीओ ने सिंचाई विभाग और लोक निर्माण विभाग को आपसी समन्वय से जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्रामीण विद्यालय में पानी की समस्या उठाए जाने पर उन्होंने मौके पर ही बजट स्वीकृत किया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने को कहा। पेयजल लाइन में रिसाव की शिकायत पर जल संस्थान के अधिकारी को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सिंचाई नहर क्षतिग्रस्त होने से खेतों तक पानी नहीं पहुंचने की समस्या पर भी संबंधित अधिकारियों को सिंचाई व्यवस्था सुचारु करने को कहा गया।
चौपाल में मालदेवता स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण का मुद्दा भी उठा। अधिकारियों ने बताया कि केंद्र को ए श्रेणी से बी श्रेणी में उच्चीकृत करने का प्रस्ताव भेजा गया है। सीडीओ ने स्वास्थ्य केंद्र में रेबीज के इंजेक्शन उपलब्ध रखने के निर्देश देते हुए की गई कार्रवाई से अवगत कराने को कहा।
आंगनबाड़ी, राशन की दुकान और पशु केंद्र का निरीक्षण
रात्रि चौपाल से पहले सीडीओ अभिनव शाह ने क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्र, सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत संचालित राशन की दुकान और निर्माणाधीन पशु केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने उपलब्ध सुविधाओं और निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
प्रशासन की इस पहल के तहत सरकारी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य संस्थानों, पंचायत भवनों, राशन की दुकानों, जल जीवन मिशन की परियोजनाओं और अन्य सरकारी परिसंपत्तियों की स्थिति की समीक्षा भी की जाएगी। चौपाल में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। उद्यान विभाग की ओर से किसानों को बीज वितरित किए गए, जबकि ग्रामीणों को स्वच्छता, कूड़ा प्रबंधन और सामुदायिक सहभागिता के प्रति जागरूक किया गया। स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता संबंधी जानकारी भी दी गई।
रोजगार, ग्रामीण पर्यटन और स्वरोजगार पर भी होगा संवाद
जिला प्रशासन के अनुसार, रात्रि चौपाल में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, कृषि, बागवानी, पशुपालन, रोजगार और पलायन जैसे विषयों पर ग्रामीणों से चर्चा की जाएगी। होमस्टे, ग्रामीण पर्यटन, कृषि आधारित गतिविधियों और स्थानीय व्यवसायों के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी जोर रहेगा। ग्राम प्रधानों, शिक्षकों, आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों से भी गांवों की समस्याओं तथा विकास की जरूरतों पर सुझाव लिए जाएंगे।
प्रशासन का कहना है कि रात्रि प्रवास और सीधे संवाद के माध्यम से गांवों की वास्तविक परिस्थितियों को समझने, विकास कार्यों की समीक्षा करने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। इस पहल का उद्देश्य प्रशासन और ग्रामीणों के बीच विश्वास मजबूत करने के साथ जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना है।
रात्रि चौपाल में ब्लॉक प्रमुख रायपुर सरोजिनी, ग्राम प्रधान शैलेंद्र चौहान, निदेशक ग्राम विकास अभिकरण विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, खंड विकास अधिकारी अपर्णा बहुगुणा, जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल, जिला पर्यटन विकास अधिकारी जसवंत सिंह चौहान, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम भारती, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



