
आतंकवाद विरोधी अभियानों की लाइव कवरेज पर रोक दोहराई, हिंसक दृश्यों और भ्रामक खबरों के प्रसारण में सावधानी बरतने के निर्देश
नई दिल्ली। समाचार प्रसारण में निर्धारित नियमों के उल्लंघन पर चिंता जताते हुए केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने सभी निजी सैटेलाइट टीवी चैनलों को कार्यक्रम संहिता का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी है। मंत्रालय ने 21 अक्टूबर 2026 को जारी एडवाइजरी में कहा है कि केबल टेलीविजन नेटवर्क (विनियमन) अधिनियम, 1995 और केबल टेलीविजन नेटवर्क नियम, 1994 के प्रावधानों का अक्षरशः पालन किया जाए। मंत्रालय के अनुसार, अंतर-विभागीय समिति की समीक्षा में विभिन्न चैनलों पर प्रसारित खबरों और दृश्यों में कार्यक्रम संहिता की भावना के अनुरूप सावधानी नहीं बरते जाने के मामले सामने आए हैं।
एडवाइजरी में सुरक्षा बलों के आतंकवाद विरोधी अभियानों की लाइव कवरेज को प्रतिबंधित बताते हुए निर्देश दिया गया है कि ऐसे अभियानों के दौरान मीडिया कवरेज अधिकृत अधिकारी की नियमित ब्रीफिंग तक सीमित रखी जाए। प्रसारित दृश्यों पर आवश्यकतानुसार समय और तारीख अंकित की जाए, ताकि दर्शकों के बीच लाइव प्रसारण को लेकर कोई भ्रम न पैदा हो।
मंत्रालय ने हिंसक, वीभत्स और विचलित करने वाले दृश्यों के प्रसारण में संपादकीय विवेक बरतने तथा अनावश्यक रूप से ऐसे दृश्य बार-बार दिखाने से बचने को कहा है। अपराध और हिंसा से संबंधित खबरें सत्यापित तथ्यों पर आधारित होनी चाहिए और उनकी प्रस्तुति संतुलित एवं जिम्मेदार तरीके से की जानी चाहिए। सनसनीखेज रिपोर्टिंग, भ्रामक संकेतों और आधी-अधूरी जानकारी के प्रसारण से बचने के साथ जरूरत पड़ने पर संवेदनशील दृश्यों को धुंधला करने की सलाह भी दी गई है। महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध से जुड़ी खबरों में विशेष सावधानी बरतने पर जोर दिया गया है।
प्राकृतिक आपदाओं, बड़े हादसों और अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं की कवरेज में भी तथ्यों की पुष्टि तथा आवश्यकतानुसार समय और तारीख का उल्लेख करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि दर्शकों में अनावश्यक भय न फैले। मंत्रालय ने सभी चैनलों को भारतीय सर्वेक्षण विभाग द्वारा प्रकाशित प्रामाणिक भारतीय मानचित्रों का ही इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
एडवाइजरी में सामुदायिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता को प्रभावित करने वाली सामग्री से बचने, लाइव बहसों में आपत्तिजनक भाषा पर नियंत्रण रखने तथा यौन अपराधों के पीड़ितों की पहचान उजागर नहीं करने के निर्देश भी शामिल हैं। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से तैयार ग्राफिक्स और वर्चुअल समाचार प्रस्तुतियों के उपयोग में तथ्यात्मक सटीकता, प्रामाणिकता और संवेदनशीलता बनाए रखने को कहा गया है।
मंत्रालय ने प्रसारण संस्थानों को संपादकीय समीक्षा व्यवस्था मजबूत करने और समाचार संकलन से लेकर प्रसारण तक जुड़े कर्मचारियों को कार्यक्रम संहिता के प्रति नियमित रूप से जागरूक करने की सलाह दी है। एडवाइजरी में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित प्रावधानों का उल्लंघन होने पर संबंधित कानूनों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
यहां देखें परामर्श पत्र






