
पौड़ी । जनपद मुख्यालय पौड़ी में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इको एडवेंचर पार्क विकसित किया जा रहा है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बुधवार को निर्माणाधीन पार्क का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि पार्क का संचालन जल्द शुरू किया जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि पार्क को प्रकृति और रोमांच के संगम के रूप में विकसित किया जाए, जहां पर्यटकों के साथ स्थानीय नागरिकों और बच्चों को भी मनोरंजन की बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इसके लिए साहसिक गतिविधियों के साथ कैफे, बैठने की व्यवस्था, बच्चों के झूले, ओपन जिम और अन्य जनसुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने पार्किंग के नीचे बनाए जा रहे टिकट काउंटर का निर्माण दो सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्क में बेंच लगाने, फूल-पौधे विकसित करने, रास्तों पर रंग-रोगन और रेलिंग लगाने के साथ चहारदीवारी पर सुरक्षा के लिए कांटेदार तार लगाने तथा आवश्यक स्थानों पर साइनेज स्थापित करने को कहा।

पार्क परिसर में निर्माणाधीन कैफे का निरीक्षण करते हुए उन्होंने दीवारों और फर्श को टिकाऊ बनाने तथा सीलन से बचाव के लिए आवश्यक कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। कैफे में लकड़ी का फर्नीचर लगाने और साज-सज्जा आकर्षक बनाने पर भी जोर दिया।
साहसिक गतिविधियों के सुरक्षित संचालन के लिए जिलाधिकारी ने उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के अधिकारियों को पौड़ी और पालकोट स्थित इको एडवेंचर पार्कों का निरीक्षण कर आवश्यक जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत पोल लगाने और कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी करने को कहा। पार्किंग सुविधा बेहतर बनाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने और टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।
डीएम ने कहा कि पार्क का विकास इस तरह किया जाए कि पौड़ी को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में पहचान मिले। इससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए मनोरंजन और पर्यटकों के लिए रोमांचक अनुभव के नए अवसर विकसित होंगे।




