
देहरादून । भाजपा ने कांग्रेस की प्रस्तावित न्याय यात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि 2027 में जनता द्वारा न्याय का समय आ गया है और कांग्रेस न्याय यात्रा के नाम पर राजनीतिक पाखंड कर रही है।
प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि जनता डबल इंजन सरकार में हो रहे चतुर्दिक विकास का अनुभव कर रही है और विपक्ष की नकारात्मक राजनीति को भी देख रही है। पहले भी मठ-मंदिरों में अर्जी लगाकर चुनाव हारने वाले और न्याय यात्रा के नाम पर देवभूमि का अपमान करने वाले कांग्रेस नेता अब भी सबक नहीं ले रहे हैं।
भट्ट ने कहा कि कांग्रेस की न्याय यात्रा पूरी तरह राजनीतिक पाखंड है। पूर्व में भी निकाली गई ऐसी यात्रा का अनुभव जनता का बहुत खराब एवं अपमानजनक रहा है। अंकिता मर्डर प्रकरण में जनता सरकार और न्यायिक प्रक्रिया से संतुष्ट थी, इसलिए उन्होंने तब भी कांग्रेस की यात्रा से किनारा किया था। इससे नाराज होकर तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने गढ़वाल को कायर कहकर अपमानित किया था, जिसके लिए उन्हें सार्वजनिक माफी भी मांगनी पड़ी थी। अब दोषियों को उम्रकैद की सजा हो चुकी है और परिजनों के कहने पर सीबीआई जांच भी हो रही है। ऐसे में दोबारा न्याय यात्रा निकालना राजनीतिक पाखंड को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन और सीएम धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड का दशक लाने का काम हो रहा है। जीरो टॉलरेंस की भाजपा सरकार ने राज्य को भ्रष्टाचारविहीन व्यवस्था एवं नकलहीन परीक्षा प्रक्रिया की तरफ आगे बढ़ाया है। 37 हजार से अधिक सरकारी और लाखों निजी नौकरियां, चारधाम यात्रा का 60 लाख के पार पहुंचना, प्रति व्यक्ति आय का दोगुना होना, यूसीसी, नकल विरोधी, धर्मांतरण विरोधी और दंगारोधी जैसे ऐतिहासिक निर्णयों से राज्य देश में नजीर बन गया है।
भट्ट ने तंज कसते हुए कहा कि जिन आरोपों को लेकर कांग्रेस न्याय यात्रा निकालना चाहती है, वे सभी आरोप कांग्रेस पर ही साबित हुए हैं। जनता बहुत बुद्धिमान और जागरूक है, वह कांग्रेस की नकारात्मक और विकास विरोधी राजनीति को समझ चुकी है। इसलिए यह यात्रा एक बार फिर फ्लॉप साबित होगी। कांग्रेस के कई नेताओं ने पहले भी गोल्जू देवता और धारी देवी के दरबार में न्याय की अर्जी लगाई, लेकिन ईश्वर ने भी उनके पाखंड को परखा और चुनावों में पराजित करवाया।
उन्होंने कहा कि अब 2027 में जनता के बीच जाने और उनके द्वारा किए जाने वाले न्याय का समय आ गया है। भाजपा सरकार और संगठन लगातार जन-जन के द्वार पहुंचकर आशीर्वाद ले रहा है, जबकि कांग्रेस अभी भी झूठ, भ्रम और अफवाह आधारित ड्रामा मंचन में लगी है।



