
पौड़ी गढ़वाल। विकासखंड जयहरीखाल में आयोजित एक दिवसीय विशेष परीक्षण शिविर में 100 जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों को सहायक उपकरणों के लिए चिह्नित किया गया है। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग की ओर से एलिम्को के सहयोग से आयोजित इस शिविर में परीक्षण के उपरांत पात्र लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत 93 वरिष्ठ नागरिकों और एडिप योजना के तहत सात दिव्यांगजनों को सहायक उपकरणों के लिए चिह्नित किया गया। शिविर का उद्देश्य बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को दैनिक जीवन में आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
शिविर में दिव्यांगजनों के दस्तावेज संबंधी कार्य भी कराए गए, जिसमें 16 यूडीआईडी कार्ड के लिए पंजीकरण किया गया। इससे पात्र दिव्यांगजनों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने में सुविधा होगी।
ब्लॉक प्रमुख रणबीर सजवाण ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए ऐसे शिविर अहम भूमिका निभाते हैं। इनसे जरूरतमंदों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायता मिलती है और वे आत्मनिर्भर बन पाते हैं। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर कनिष्ठ उप प्रमुख पूनम देवी, खंड विकास अधिकारी रवि सैनी, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सारंग, सहायक समाज कल्याण अधिकारी कामेश चौहान समेत विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



