
देहरादून।भाजपा के प्रदेश मोर्चा एवं प्रकोष्ठों की संयुक्त बैठक शुक्रवार को देहरादून में तीसरी बार 60 सीट पार के संकल्प के साथ संपन्न हुई। बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राम माधव, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन, प्रदेश प्रभारी बांसुरी स्वराज और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं में चुनावी जोश भरा।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुशासन का आदर्श स्थापित किया है, जिसकी शुरुआत उन्होंने गुजरात से की थी। इसी सुशासन के आधार पर बार-बार जीत की रणनीति अपनाई गई, जो आज राजनीति की सर्वश्रेष्ठ रणनीति बन चुकी है। उत्तराखंड में धामी सरकार ने भी सुशासन का मॉडल पेश किया है। सरकार और संगठन दोनों मजबूत स्थिति में हैं। आने वाले 4 से 6 महीनों में हमें राजनीतिक मोड में काम कर 60 पार के लक्ष्य को हासिल करना है।
राहुल को जनता गंभीरता से नहीं लेती: धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और विपक्ष के झूठ की पोल जनता के सामने खुल चुकी है। उन्हें कोई गंभीरता से नहीं लेता, इसलिए वे अभद्र टिप्पणी करने वाले कॉमेडियनों के सहारे चुनावी भीड़ जुटा रहे हैं।
धामी ने कहा कि राहुल ने देहरादून आकर झूठ बोला कि नकल माफियाओं पर कार्रवाई नहीं हुई, जबकि सरकार ने 100 से अधिक नकल माफिया और भ्रष्टाचारियों को जेल भेजा है, जिसमें इतिहास में पहली बार एक आईएएस की गिरफ्तारी भी शामिल है। खनन राजस्व एक साल में 800 करोड़ से बढ़कर 1200 करोड़ के पार पहुंच गया है। 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई गई है। प्रदेश का बजट एक लाख करोड़ के पार और प्रति व्यक्ति आय दो लाख से ऊपर पहुंच गई है।
उन्होंने कहा कि जन-जन की सरकार अभियान के दो चरणों में 6.5 लाख लोगों ने भागीदारी की है और जल्द तीसरा चरण शुरू होगा।
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर राहुल की टिप्पणी को उत्तराखंड का अपमान बताते हुए धामी ने कहा कि इससे पहले कांग्रेस जनरल रावत के लिए भी सड़क छाप भाषा का इस्तेमाल कर चुकी है।
संपर्क, संवाद, समन्वय और सहयोग से जीत: मेनन
प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने कार्यकर्ताओं को संपर्क, संवाद, समन्वय और सहयोग के मूल मंत्र पर चुनाव में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमारी सीधी लड़ाई झूठे नैरेटिव की राजनीति करने वाली कांग्रेस से है।
प्रदेश प्रभारी बांसुरी स्वराज ने कहा कि मोर्चा पार्टी की फ्रंटल सेना है जो मोर्चे पर लीड करती है, जबकि प्रकोष्ठ अलग-अलग सामाजिक वर्गों पर वैचारिक सर्जिकल स्ट्राइक करने वाली इकाई हैं।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने केंद्रीय नेतृत्व को विश्वास दिलाया कि देवभूमि में लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत से कमल खिलेगा। उन्होंने सभी मोर्चों को सरकार की योजनाओं को अपने वर्ग तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा, महामंत्री दीप्ति रावत, कुंदन परिहार, तरुण बंसल, प्रकोष्ठ प्रभारी कौतुभानंद जोशी समेत सातों मोर्चों के अध्यक्ष और 22 प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद रहे।



