
बड़ोवाला में हुआ संवाद कार्यक्रम, शिक्षा और भविष्य को लेकर युवाओं ने साझा की चिंताएं,आर्येंद्र शर्मा बोले- संवाद रुकना नहीं चाहिए
सहसपुर (देहरादून)। बड़ोवाला स्थित बाबा फार्म हाउस में रविवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेता आर्येंद्र शर्मा के नेतृत्व में ‘छात्रों की गूँज’ संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा पहुंचे और पेपर लीक, रोजगार, शिक्षा व भविष्य से जुड़ी अपनी परेशानियां, विचार और सवाल खुलकर रखे।
आर्येंद्र शर्मा ने युवाओं की बातें ध्यान से सुनीं और उनके सवालों पर संवाद किया। इस दौरान युवाओं के भविष्य की संभावनाओं, उनकी अपेक्षाओं और सहसपुर के विकास को लेकर भी चर्चा हुई। आयोजकों के मुताबिक युवाओं की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम में नई ऊर्जा दिखी।

संवाद के दौरान आर्येंद्र शर्मा ने कहा कि युवा देश और समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं। उनके सपनों, अधिकारों और आकांक्षाओं को समझना और उनके लिए बेहतर अवसर तैयार करने की दिशा में प्रयास करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवाओं से संवाद सिर्फ एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहना चाहिए, इसे लगातार जारी रखा जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं की आवाज और विचारों को अहमियत देकर ही बेहतर भविष्य की दिशा तय हो सकती है। ‘छात्रों की गूँज’ को उन्होंने सहसपुर में संवाद की नई पहल बताया, जिसका मकसद युवाओं की उम्मीदें समझना और उनके सपनों को हकीकत में बदलने की दिशा में आगे बढ़ना है।




