
श्रीनगर (गढ़वाल)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के उच्च शिखरीय पादप कार्यिकी शोध केंद्र (हैप्रेक) की ओर से औषधीय एवं सुगंधित पादप क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। संगोष्ठी 5 और 6 अक्टूबर को हैप्रेक के केके नंदा मेमोरियल हॉल में आयोजित होगी।
हैप्रेक के निदेशक प्रो. विजयकांत पुरोहित ने बताया कि संगोष्ठी का मुख्य विषय “औषधीय एवं सुगंधित पादप क्षेत्र की चुनौतियों के साथ जलवायु सहनशीलता, सतत विकास और आजीविका के विकल्प” रखा गया है। इसका उद्देश्य औषधीय एवं सुगंधित पौधों के संरक्षण, संवर्धन तथा इनके माध्यम से स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञों के बीच व्यापक चर्चा करना है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय संगोष्ठी में राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड, भारत सरकार के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. महेश के. दधिच मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा वीर चंद्र सिंह गढ़वाली उत्तराखंड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, भरसार के कुलपति डॉ. बीपी भट्ट तथा उत्तराखंड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगे।
संगोष्ठी में देश के विभिन्न क्षेत्रों से विषय विशेषज्ञ, शोधकर्ता और शिक्षाविद शामिल होकर औषधीय एवं सुगंधित पादपों की वर्तमान स्थिति और भविष्य की संभावनाओं पर विचार साझा करेंगे। विशेष रूप से औषधीय पादपों के संरक्षण, संवर्धन, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव, सतत विकास तथा इनके माध्यम से रोजगार एवं आजीविका के अवसर जैसे विषयों पर मंथन किया जाएगा।
प्रो. पुरोहित ने बताया कि हिमालयी क्षेत्र जैव विविधता और औषधीय एवं सुगंधित पादपों की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है। ऐसे में इनके वैज्ञानिक संरक्षण, संवर्धन और व्यावसायिक उपयोग को बढ़ावा देने के लिए शोध एवं विशेषज्ञों के बीच संवाद महत्वपूर्ण है। राष्ट्रीय संगोष्ठी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराएगी।




