
देहरादून। वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता रामकुमार वालिया के जन्मदिन के अवसर पर उनके सुपुत्र एवं अखिल भारतीय कांग्रेस के राष्ट्रीय संचार सचिव वैभव वालिया की ओर से देहरादून के एक वेडिंग प्वाइंट में भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद लोक कलाकारों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का संचालन उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने किया।
इस दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली करीब 150 हस्तियों को शॉल ओढ़ाकर, माला पहनाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में राज्य आंदोलनकारी, पूर्व सैन्य अधिकारी, पूर्व सैनिक, जाट एवं गुर्जर समाज के प्रतिनिधि, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ता, लोक कलाकार, पत्रकार, पार्षद एवं पूर्व पार्षद तथा सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय लोग शामिल रहे।

रामकुमार वालिया को बधाई देने के लिए दिल्ली, गुरुग्राम, बिहार सहित विभिन्न स्थानों से लोग पहुंचे। सर्व समाज महासंघ के पदाधिकारी भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम में पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने रामकुमार वालिया को बधाई देते हुए उनके सामाजिक योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि वालिया ने खुद को कभी सीमित नहीं रखा और लगातार समाज के विभिन्न वर्गों के बीच रहकर कार्य किया है। साथ ही उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनना जरूरी है ताकि जनता के हितों, रोजगार और विकास को प्राथमिकता मिल सके। उन्होंने आयोजन के लिए वैभव वालिया को भी बधाई दी।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी रामकुमार वालिया को बधाई दी और कहा कि उनका जीवन समाज के विभिन्न वर्गों से निरंतर जुड़ाव का उदाहरण है। उन्होंने वैभव वालिया की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कांग्रेस का दामन मजबूती से थामे रखा है और पार्टी व समाज के बीच सक्रिय रहकर अलग पहचान बनाई है।

मंच से वक्ताओं ने कहा कि रामकुमार वालिया जैसे कर्मठ और सक्रिय व्यक्ति के कांग्रेस परिवार में आने से संगठन को मजबूती मिलेगी और 2027 के विधानसभा चुनाव में इसका सकारात्मक असर देखने को मिलेगा।
अपने संबोधन में रामकुमार वालिया ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि आज उनके जन्मदिन को जिस प्रकार समाज के विभिन्न वर्गों को सम्मानित करते हुए मनाया गया, वह उनके लिए सामाजिक संतोष का विषय है। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने पुत्र की ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण पर गर्व है।
आयोजक वैभव वालिया ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए भावुक और गौरवपूर्ण क्षण है कि पिता के जन्मदिन को समाज के इतने बड़े वर्ग के साथ मनाने का अवसर मिला। कार्यक्रम के अंत में केक काटकर वालिया के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की गई।

इस दौरान भाजपा से तंग आकर कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता भी ग्रहण की, जिनमें वरिष्ठ समाजसेवी रजनीश वालिया, निर्दलीय प्रत्याशी रहे देवेंद्र जायसवाल और भाजपा के सोशल मीडिया महानगर प्रभारी हारून अंसारी सहित कई लोग शामिल रहे।
कार्यक्रम में शूरवीर सजवाण, धीरेंद्र प्रताप, जसविंदर गोगी, संजय शर्मा, अभिनव थापर, प्रदीप जोशी, मनीष नागपाल, सुलेमान अंसारी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।



