
देहरादून। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए हरभजवाला स्थित नीलकंठ एनक्लेव में किराये के कमरे में चल रहे देह व्यापार के धंधे का पर्दाफाश किया है। विशेष टीम ने छापा मारकर मुख्य सरगना सहित 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया और एक नाबालिक युवती को रेस्क्यू किया, जिसके कब्जे से 18,000 रुपये नगद और आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों पर सभी थाना क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 1 अक्टूबर 2026 को कोतवाली पटेलनगर को मुखबिर से सूचना मिली कि हरभजवाला में नीलकंठ एनक्लेव के एक मकान में कुछ महिलाएं और पुरुष अवैध देह व्यापार करवा रहे हैं।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया और त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापा मारा गया। छापेमारी के दौरान पुलिस को 3 महिलाएं, 1 नाबालिक युवती और 3 पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले।
गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी मनीष कुमार लखेडा (42 वर्ष) ने नीलकंठ एनक्लेव में मकान किराये पर लेकर दिल्ली से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार का धंधा चलाया जा रहा था। मनीष फोन और व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों से संपर्क करता था और उन्हें लड़कियों की फोटो भेजता था। ग्राहकों की पसंद के अनुसार वह महिलाओं को दिल्ली से बुलाकर अपने कमरे या ग्राहकों द्वारा बताए गए स्थान पर भेजकर देह व्यापार करवाता था।
नाबालिक युवती को मुख्य अभियुक्त का साथी अभिषेक (35 वर्ष) दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लाया था। युवती द्वारा गलत काम करने से इनकार करने पर अभियुक्तों ने उसे कमरे में बंधक बनाकर रखा था।
पुलिस ने मौके से 3 महिलाओं सहित कुल 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है:
1. मनीष कुमार लखेडा पुत्र सोहन लाल, निवासी नीलकंठ एनक्लेव, हरभजवाला, पटेलनगर (42 वर्ष) – मुख्य सरगना
2. अभिषेक पुत्र उमालाल, निवासी एच-245 महावीर नगर, दिल्ली (35 वर्ष)
3. भानू उर्फ सिद्धांत पुत्र सुखराम सिंह, निवासी बडोवाला, आरकेडिया नगर, देहरादून
4. ममता पत्नी रामू यादव, निवासी 5-384 स्कूल ब्लॉक शंकरपुर, पूर्वी दिल्ली (28 वर्ष)
5. नेहा पुत्री सलमान, निवासी संगम विहार, दिल्ली (24 वर्ष)
6. सुमन पुत्री चंद्रभान, निवासी कल्याणपुरी, दिल्ली (24 वर्ष)
पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री/दवाइयां और 18,000 रुपये नगद बरामद किए हैं। सभी अभियुक्तों के खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा अपराध संख्या 704/2026 धारा 96/99/127(2)/3(5) बीएनएस, 14(5) पोक्सो अधिनियम और 3/4/5/11 देह व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 के तहत पंजीकृत किया गया है।
रेस्क्यू की गई नाबालिक युवती को उचित सुरक्षा और देखभाल के लिए संबंधित अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस टीम द्वारा अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने की कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़ (प्रभारी कोतवाली पटेलनगर) के नेतृत्व में व०उ०नि० मुकेश थलेडी, उ०नि० जयवीर सिंह (चौकी प्रभारी आईएसबीटी), म०उ०नि० शिखा तेग्रवाल, हे०का० मनोज कुमार, का० कैलाश पवाँर, का० बृजमोहन सिंह रावत, का० नितिन कुमार, का० राकेश पवाँर और हे०का० चालक बबूल शामिल रहे।



