
देहरादून। डीएवी पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के दौरान सामने आए घटनाक्रम और मतगणना प्रक्रिया को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। प्रदेश कांग्रेस द्वारा गठित समन्वय समिति की बैठक में चुनाव प्रक्रिया, प्रशासन की भूमिका और मतगणना के दौरान कथित अव्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। समिति ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष एवं समन्वय समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र पोखरियाल ने की। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनाव युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और ऐसी चुनावी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी तथा किसी भी प्रकार के दबाव से मुक्त होनी चाहिए।
पोखरियाल ने आरोप लगाया कि डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव के दौरान प्रशासनिक तंत्र पर दबाव बनाए जाने और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के प्रयास के आरोप सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता के प्रभाव, धनबल अथवा प्रशासनिक दबाव के जरिए चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोई भी कोशिश लोकतांत्रिक परंपराओं के लिए गंभीर विषय है।
कांग्रेस नेता ने मतगणना के दौरान सामने आए घटनाक्रम का भी उल्लेख किया। उनका आरोप है कि मतगणना स्थल पर एबीवीपी से जुड़े कार्यकर्ताओं द्वारा कथित रूप से अव्यवस्था उत्पन्न की गई, लेकिन प्रशासन की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी पक्ष ने नियमों का उल्लंघन किया है तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
समन्वय समिति के अध्यक्ष ने कहा कि समिति मामले के विभिन्न पहलुओं का अध्ययन कर रही है। इसके साथ ही वरिष्ठ अधिवक्ताओं से कानूनी राय भी ली जा रही है। प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व से आवश्यक निर्देश प्राप्त होने के बाद मामले में आगे की कानूनी और लोकतांत्रिक कार्रवाई की रणनीति तय की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। पोखरियाल के मुताबिक, यदि किसी लोकतांत्रिक संस्था या चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास होता है तो कांग्रेस उसका विरोध लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से करेगी। उन्होंने कहा कि डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव से जुड़े पूरे प्रकरण को सड़क से लेकर सदन तक उठाया जाएगा।
बैठक में छात्रसंघ चुनाव से जुड़े घटनाक्रम, मतगणना प्रक्रिया, प्रशासन की भूमिका तथा आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में पूर्व विधायक राजकुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कुलदीप कोहली, विजय प्रताप मल, महिपाल शाह, छात्रसंघ अध्यक्ष ओमप्रकाश सती, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी, संग्राम सिंह पुंडीर, पंकज छेत्री, मोहन काला, प्रशांत खंडूरी, नितिन चंचल, रितेश छेत्री, दीवान सिंह बिष्ट, आशीष देसाई, नितिन रावत, पीयूष जोशी, सुमित खन्ना, नवीन रमोला, आशीष कुमार, सूरज छेत्री, स्वाति नेगी, डॉ. प्रतिमा सिंह, सुमित राज थापा, संजय थापा सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



