
तहसील चौक से निकाली रैली, पारदर्शिता और जवाबदेही पर उठाए सवाल, पूर्व मंत्री नवप्रभात समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
विकासनगर। सोमवार को विकासनगर की सड़कों पर कांग्रेस का आक्रोश दिखा। पछुवादून कांग्रेस जिला अध्यक्ष संजय किशोर महेंद्रू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तहसील चौक से रैली निकाली और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। प्रदर्शन के बाद अधिकारियों को भी अपनी बात से अवगत कराया गया।
महेंद्रू ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश है। उनके अनुसार लोकतांत्रिक व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि सूचना के अधिकार के तहत आम नागरिकों को शासन-प्रशासन से जुड़ी जानकारी पाने का हक है और जनहित के मुद्दों पर पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
प्रदर्शन में पूर्व मंत्री नवप्रभात, ब्लॉक अध्यक्ष अभिनव ठाकुर, शहर अध्यक्ष आशीष पुंडीर, विकास शर्मा, शमी प्रकाश, इशिता सेढ़ा, नगर पालिका अध्यक्ष धीरज बॉबी नौटियाल, राजीव शर्मा, धीरेंद्र तड़ियाल, फुरकान अहमद और अलीम समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।



