
सेलाकुई (देहरादून)। सहसपुर-सेलाकुई राजमार्ग पर बाइक पर क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर स्टंटबाजी और हुड़दंग करने वाले युवकों के खिलाफ देहरादून पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को सीज कर दिया और इसमें शामिल युवकों के पुलिस एक्ट में चालान काटे।
वायरल वीडियो ने खोली पोल
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा था, जिसमें एक स्पलेंडर बाइक पर चालक सहित कई युवक सवार होकर राजमार्ग पर खतरनाक स्टंट करते और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे थे। इससे न केवल उनकी जान को खतरा था, बल्कि आम राहगीरों के आवागमन में भी बाधा उत्पन्न हो रही थी।
एसएसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून द्वारा जनपद में हुड़दंगियों और स्टंटबाजों के विरुद्ध अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में सेलाकुई पुलिस ने वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लिया। पुलिस ने वीडियो के आधार पर वाहन संख्या UK07FZ-8117 (स्पलेण्डर) की पहचान की और उसे मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया।
इनके खिलाफ हुई कार्रवाई
पुलिस ने बाइक चालक फैजान (पुत्र आजाद, निवासी जमनपुर, सेलाकुई) सहित स्टंटबाजी में शामिल तीन अन्य युवकों—शादाब, सरताज और फैजान—को चिन्हित कर उनके विरुद्ध पुलिस एक्ट के अंतर्गत चालानी कार्यवाही की है।
पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सड़कों पर स्टंटबाजी कर आम जनमानस की सुरक्षा को खतरे में डालने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।



