
रुद्रपुर/किच्छा। किच्छा नगर पालिका चुनाव की मतगणना के दौरान बुधवार को मतगणना परिसर में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब वर्तमान विधायक तिलक राज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के समर्थक आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की की स्थिति पैदा हो गई। मौके पर तैनात पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
पुलिस के अनुसार, घटना 22 सितंबर 2026 को शाम करीब 4:30 बजे नई मंडी, किच्छा स्थित मतगणना परिसर में हुई। इस दौरान विधायक तिलक राज बेहड़ तथा पूर्व विधायक राजेश शुक्ला अपने-अपने समर्थकों और प्रत्याशियों के साथ मतगणना स्थल पर पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच विवाद शुरू हो गया।
स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग-अलग स्थानों पर भेज दिया। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और उनके समर्थकों को सिडकुल चौकी, पंतनगर ले जाया गया, जबकि विधायक तिलक राज बेहड़ और उनके समर्थकों को कोतवाली किच्छा ले जाया गया। पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई किए जाने से किसी बड़ी अप्रिय घटना को टाल दिया गया।
पुलिस ने बताया कि विधायक तिलक राज बेहड़ के साथ धक्का-मुक्की करने के आरोप में धीरज कुमार (40) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक धीरज कुमार पुत्र शम्भू सिंह, वार्ड नंबर-04, आस्था कॉलोनी, लालपुर, थाना किच्छा का निवासी है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की गई।
मतगणना स्थल पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने हंगामे में शामिल लोगों को चिन्हित किया। पुलिस के अनुसार अब तक कुल 30 लोगों को हिरासत में लिया गया है। इनके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मतगणना परिसर की सुरक्षा और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है। एसएसपी ऊधमसिंहनगर ने भी स्पष्ट किया है कि जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ किसी प्रकार की रियायत नहीं बरती जाएगी। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर शांति भंग करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



