
पूर्व भाजपा विधायक और उनके नेताओं पर आरोप, 24 घंटे में गिरफ्तारी न होने पर चक्का जाम की चेतावनी
देहरादून/उधम सिंह नगर। उधम सिंह नगर जिले के किच्छा से कांग्रेस विधायक पर भाजपा के एक पूर्व विधायक और उनके नेताओं द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का आरोप लगा है। इस घटना को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने राज्य सरकार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए इसे उत्तराखंड के इतिहास का सबसे काला अध्याय और लोकतंत्र की सरेआम हत्या करार दिया है।
प्रेस को जारी बयान में डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि सत्ता के अहंकार में डूबे भाजपा के पूर्व विधायक और उनके नेता खुलेआम गुंडागर्दी पर उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि यह हमला सिर्फ विधायक पर नहीं बल्कि किच्छा की जनता के भरोसे और संविधान पर हुआ है। उन्होंने सरकार पर जीरो टॉलरेंस का ढोंग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है और राज्य में कानून-व्यवस्था वेंटिलेटर पर पहुंच गई है।
डॉ. प्रतिमा सिंह ने मांग की कि आरोपी पूर्व विधायक, उनके नेताओं और साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की जाए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सत्ता के दबाव में आए बिना निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि विपक्षी विधायकों को पर्याप्त सुरक्षा दी जानी चाहिए, क्योंकि जब जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा भी संदिग्ध है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने चेतावनी दी कि यदि अगले 24 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो पूरे प्रदेश में चक्का जाम की स्थिति बनेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मामले में चुप नहीं बैठेगी और सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।



