
स्वच्छता और स्वस्थ कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर
देहरादून। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) देहरादून द्वारा देशव्यापी स्वच्छता अभियान 6.0 के तहत नगर निगम देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर निगम देहरादून के आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने की, जबकि स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनंद शुक्ला विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस अवसर पर राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन के अध्यक्ष सुनील कुमार खैरवाल और सचिव धीरज भारती समेत केंद्रीय संचार ब्यूरो तथा नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सुरक्षा और स्वच्छ एवं स्वस्थ कार्य वातावरण बनाए रखने के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अपनाकर ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है तथा इस प्रकार के आयोजन नागरिक जिम्मेदारी और स्वच्छता की संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

स्वच्छता सैनिक सम्मान के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले पर्यावरण मित्रों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। आयोजन का उद्देश्य स्वच्छता से जुड़ी पहलों में सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना तथा अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दैनिक कार्यों में स्वच्छता संबंधी आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में विकास (वार्ड-86, सेवलाकला), ऋषिपाल (वार्ड-12, किशननगर), रामचन्द्रा (वार्ड-87, पित्थूवाला), सुशील (वार्ड-21, एमकेपी), रेनू (वार्ड-21, एमकेपी), प्रवीण (वार्ड-21, एमकेपी), अनिल (वार्ड-10, डोभालवाला), सुरेश (वार्ड-10, डोभालवाला), अजय (वार्ड-11, विजय कॉलोनी) तथा रामदास (वार्ड-89, मेहूंवाला) को सम्मानित किया गया।




