
देहरादून।उत्तराखण्ड एसटीएफ और देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम ने डेढ़ दशक से अधिक समय से फरार चल रहे ₹1 लाख के इनामी कुख्यात हिस्ट्रीशीटर को पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जनपद से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त थाना बसंत विहार, देहरादून और कोतवाली हल्द्वानी, नैनीताल में दर्ज डकैती के मामलों में लगभग 17 वर्षों से वांछित था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त शौकत अली पुत्र लतीफ, निवासी अहमदनगर, थाना देहली गेट, मेरठ, उत्तर प्रदेश, वर्तमान में विदानपुली, इच्छापुर, थाना नोआपारा, उत्तर 24 परगना, पश्चिम बंगाल में रह रहा था। उसकी उम्र 54 वर्ष बताई गई है।
2009 की डकैती का आरोपी
23 जुलाई 2009 को देहरादून के वसंत विहार निवासी एक वरिष्ठ ओएनजीसी अधिकारी ने थाना बसंत विहार में शिकायत दर्ज कराई थी कि पांच हथियारबंद अज्ञात लोगों ने उसके घर में घुसकर परिजनों को चोट पहुंचाई और लूटपाट की। इस मामले में धारा 397 भारतीय दंड संहिता के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचन के दौरान पांच अभियुक्तों की पहचान हुई। पुलिस ने 6 अगस्त 2009 को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन शौकत अली घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पहले ₹25,000 का इनाम घोषित किया गया था, जिसे बाद में ₹1 लाख कर दिया गया।

बदलता रहा था ठिकाना
एसटीएफ और दून पुलिस की टीम ने लंबे समय तक पतासाजी और सूचना संकलन के बाद पता लगाया कि शौकत अली कोलकाता क्षेत्र में अपनी पहचान छिपाकर टाइल्स और पत्थर लगाने का काम कर रहा है। इसके बाद संयुक्त टीम ने उसे थाना भाटपाड़ा, उत्तर 24 परगना, पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त गिरफ्तारी से बचने के लिए मेरठ से दिल्ली, बिहार और पश्चिम बंगाल में ठिकाने बदलता रहा था। उसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड में हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी, प्रयास-हत्या तथा आर्म्स एक्ट सहित गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
आपराधिक इतिहास
अभियुक्त के विरुद्ध मेरठ के थाना देहली गेट में प्रयास-हत्या, डकैती, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। इसके अलावा नैनीताल की कोतवाली हल्द्वानी में धारा 307 और 392 भादसं के तहत तथा देहरादून के थाना बसंत विहार में धारा 397 और 412 भादसं के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने कहा कि वांछित और इनामी अपराधियों के विरुद्ध उत्तराखण्ड पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। गिरफ्तार अभियुक्त को आगे कानूनी कार्रवाई के लिए उत्तराखण्ड लाया जा रहा है।



