
29 में से अधिकांश शिकायतों का मौके पर निस्तारण,लंबित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
रैदुल में टैंक निर्माण का मुआवजा और बीमार गाय के इलाज तक गूंजे मामले
पौड़ी। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में 29 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान पहले प्राप्त शिकायतों की प्रगति के साथ मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और बीस सूत्री कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई।
कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई भी हुई। जिलाधिकारी ने पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता और जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी के गैरहाजिर रहने पर दोनों का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
ग्राम रैदुल के ग्रामीणों ने शिकायत की कि जल जीवन मिशन के तहत निजी भूमि पर टैंक बना दिया गया, लेकिन मुआवजा नहीं मिला। इसी गांव से गौशाला में आपदा के कारण हुए भूस्खलन का मुआवजा लंबित रहने का मामला भी उठा। जिलाधिकारी ने दोनों प्रकरणों में तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण के निर्देश दिए। अपर चोपड़ा निवासी केदार सिंह गुसाईं ने अपनी बीमार गाय के उपचार की गुहार लगाई, जिस पर पशु चिकित्सा विभाग को तुरंत चिकित्सक भेजने और मांग के अनुसार चारा तथा उच्च गुणवत्ता का सीमन उपलब्ध कराने को कहा गया। साथ ही संयुक्त मजिस्ट्रेट को तहसीलदार के जरिए स्थलीय जांच कराने के निर्देश दिए गए।
कल्जीखाल बाजार में आवारा पशुओं और सड़क पर मलबा आने की शिकायत सामाजिक कार्यकर्ता जगमोहन डांगी ने रखी। इस पर प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। इसके अलावा ग्राम निधियों, वन भूमि हस्तांतरण, छात्रवृत्ति, क्षतिग्रस्त पुश्ते, सोलर लाइट, पेयजल आपूर्ति, वाल्वमैन के मानदेय और किसान सम्मान निधि से जुड़े मामलों में भी त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
प्रशासन के अनुसार पूर्व में दर्ज कई शिकायतों का समाधान हो चुका है। खिर्सू ब्लॉक की ग्राम पंचायत कोटी की प्रधान करिश्मा देवी की पेयजल शिकायत पर जल संस्थान ने संबंधित योजनाओं की मरम्मत कर प्रभावित गांवों में आपूर्ति सुचारू कर दी है। कण्डोलिया थीम पार्क में वर्षा जल निकासी की शिकायत मातवर सिंह नेगी ने की थी, जिस पर लोक निर्माण विभाग ने आवासीय भवनों के बीच की नाली से निकासी की व्यवस्था पूरी कर दी। राजकीय इंटर कॉलेज दोमटखाल की प्रबंध समिति के अध्यक्ष की शिकायत पर मोटर मार्ग के क्षतिग्रस्त स्कपरों का निर्माण और मरम्मत कराकर मलबा हटाया गया और यातायात बहाल हुआ। मार्ग के डामरीकरण और पक्कीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। वहीं दुगड्डा के ग्राम सिरसू निवासी त्रिलोक सिंह की किसान सम्मान निधि संबंधी शिकायत पर कृषि विभाग ने उनकी ई-केवाईसी पूरी करा दी।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, सीओ तपेश कुमार चंद, सीएमओ डॉ. मेघना असवाल और डीपीआरओ जितेंद्र कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




