
चयनित अभ्यर्थियों का प्रतिनिधिमंडल कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना से मिला; मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर तीन सूत्रीय मांगें रखीं, नियुक्ति न होने पर आंदोलन की चेतावनी
देहरादून। सहायक अध्यापक (एल.टी.) भर्ती परीक्षा-2024 के 585 चयनित अभ्यर्थियों का भविष्य अनिश्चित बना हुआ है। परिणाम घोषित होने के दो माह से अधिक और न्यायालय द्वारा दी गई समय-सीमा समाप्त होने के करीब एक माह बाद भी उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा अभिलेख सत्यापन (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) की तिथि घोषित नहीं की गई है। इससे चयनित अभ्यर्थी और उनके परिवार भीषण मानसिक एवं आर्थिक तनाव से गुजर रहे हैं।
अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने आज उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना से उनके ईसी रोड स्थित कैंप कार्यालय में भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने अपनी व्यथा सुनाते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा और आरोप लगाया कि UKSSSC द्वारा आयोजित इस भर्ती प्रक्रिया में अत्यधिक विलंब और मानसिक उत्पीड़न झेलना पड़ रहा है।
अभ्यर्थियों ने बताया कि 20 अगस्त 2026 को आयोग द्वारा 585 अभ्यर्थियों का संशोधित परिणाम घोषित किया गया, लेकिन उसके बाद भी अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि न्यायालय ने UKSSSC को तीन माह में भर्ती प्रक्रिया पूरी करने का आदेश दिया था, लेकिन निर्धारित समय-सीमा बीत जाने के बावजूद आयोग ने अभ्यर्थियों को कोई तिथि उपलब्ध नहीं कराई।
घटनाक्रम की समय-रेखा इस प्रकार है—
· 14 मार्च 2024: सहायक अध्यापक (एल.टी.) भर्ती का विज्ञापन जारी
· 18 अगस्त 2024: लिखित परीक्षा का आयोजन
· 21 सितंबर 2024: उत्तर कुंजी जारी
· 10 जनवरी 2025: अनंतिम श्रेष्ठता सूची जारी
· 04 जून 2025: एकल पीठ (न्यायमूर्ति श्री रवींद्र मैठाणी जी) का अंतिम निर्णय
· 04 नवंबर 2025: UKSSSC द्वारा विशेष अपील (352) दायर
· 03 जून 2026: विशेष अपील में अंतिम निर्णय; UKSSSC को तीन माह में भर्ती पूरी करने का आदेश
· 20 अगस्त 2026: आयोग द्वारा 585 अभ्यर्थियों का संशोधित परिणाम घोषित
· 03 सितंबर 2026: न्यायालय द्वारा दी गई तीन माह की समय-सीमा पूर्ण, पर अभिलेख सत्यापन प्रारंभ नहीं
· 29 अक्टूबर 2026: कोर्ट द्वारा निर्धारित समय-सीमा बीते एक माह से अधिक, परंतु प्रक्रिया लंबित
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में कहा कि परिणाम घोषित हुए दो माह से अधिक और न्यायालय द्वारा दी गई समयावधि समाप्त हुए एक माह बीत जाने के बावजूद आयोग ने अभिलेख सत्यापन की तिथि तक घोषित नहीं की है। इस निरंतर विलंब के कारण 585 चयनित अभ्यर्थी एवं उनके परिवार भीषण मानसिक एवं आर्थिक तनाव से गुजर रहे हैं।
अभ्यर्थियों की तीन सूत्रीय मांगें—
- मुख्यमंत्री जी अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल को व्यक्तिगत रूप से मिलने का समय दें।
- UKSSSC एवं शिक्षा विभाग को निर्देशित कर 585 अभ्यर्थियों के डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की तिथि तत्काल घोषित की जाए।
- पदों की स्वीकृति/संशोधित प्रक्रिया पूर्ण कर शीघ्र नियुक्ति एवं जॉइनिंग प्रदान की जाए।
इस मामले पर धस्माना ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार चयनित युवाओं को भी नियुक्ति नहीं दे पा रही है, यह सरकार की युवा विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में लगातार हो रही देरी से अभ्यर्थियों का भविष्य अनिश्चितता में डाल दिया गया है।
धस्माना ने चेतावनी दी- “शिक्षा विभाग तत्काल 585 चयनित सहायक अध्यापकों को नियुक्ति दे, अन्यथा कांग्रेस पार्टी इन युवाओं के साथ सड़क पर उतर कर आंदोलन करेगी और हर हाल में इनकी नियुक्ति करवा कर रहेगी। पूर्व की भांति मैं इन युवाओं के साथ खड़ा हूं।”
धस्माना ने आश्वस्त किया कि वे इस पूरे मामले को मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और UKSSSC अध्यक्ष के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उठाएंगे और चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति सुनिश्चित कराने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।




