
रायपुर क्षेत्र की एटीएस कॉलोनी के पास मिला शव, सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक निर्माणाधीन भवन में 52 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं। प्रारंभिक जांच में पांचवीं मंजिल से नीचे गिरने के कारण मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब छह बजे पुलिस कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से सूचना मिली कि एटीएस कॉलोनी से पहले स्थित एक निर्माणाधीन भवन में एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रायपुर और चौकी प्रभारी मयूर विहार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां एक व्यक्ति चित अवस्था में पड़ा मिला। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं और काफी रक्तस्राव हुआ था।
पुलिस ने मृतक की पहचान पंकज मित्तल (52) पुत्र पवन कुमार, निवासी मकान संख्या 370, बट्टन लाल रोड, वार्ड संख्या 18, सेक्टर 3-ए, गोबिंदगढ़, जिला फतेहगढ़ साहिब, पंजाब के रूप में की है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के उच्चाधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मृतक की मौत निर्माणाधीन भवन की पांचवीं मंजिल से नीचे गिरने के कारण हुई है। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों और घटना की परिस्थितियों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर लगाया जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।




