
900 से अधिक किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन, 30 संदिग्धों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशों पर दून पुलिस ने गुरुवार को पटेलनगर और रायपुर थाना क्षेत्रों में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान 900 से अधिक किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों के साथ पूर्व में आपराधिक घटनाओं में प्रकाश में आए तथा जमानत पर चल रहे 23 अभियुक्तों का भौतिक सत्यापन किया गया। वहीं, किरायेदारों और घरेलू नौकरों का सत्यापन नहीं कराने तथा अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर 66 भवन स्वामियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 6 लाख 60 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पुलिस के अनुसार, एसएसपी ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त अभियुक्तों, संदिग्धों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में 15 अक्टूबर को अलग-अलग पुलिस टीमों ने पटेलनगर और रायपुर क्षेत्र में अभियान चलाया।

अभियान के दौरान पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे तथा जमानत पर बाहर चल रहे 23 अभियुक्तों का भौतिक सत्यापन किया गया। पुलिस ने उन्हें भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। इसके अलावा, अलग-अलग स्थानों पर संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे 30 व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया। पुलिस ने उनसे आवश्यक पूछताछ कर सत्यापन की कार्रवाई की।
दून पुलिस ने भवन स्वामियों से अपील की है कि वे अपने किरायेदारों और घरेलू सहायकों का समय पर सत्यापन कराएं तथा पुलिस द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सत्यापन में लापरवाही और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।




