
25 से अधिक विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के 75 प्रतिभागी ले रहे हिस्सा, 22 भारतीय भाषाओं में डिजिटल पुस्तकें विकसित करने पर जोर
श्रीनगर (गढ़वाल) । हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय (एचएनबीजीयू) के चौरास परिसर स्थित अकादमिक गतिविधि केंद्र में भारतीय भाषाओं में पुस्तक लेखन के लिए शिक्षकों की क्षमता संवर्धन विषय पर दो दिवसीय राज्यस्तरीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। विश्वविद्यालय और शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की भारतीय भाषा समिति के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला में उत्तराखंड के 25 से अधिक विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के कुल 75 प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं।
कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्री प्रकाश सिंह मुख्य अतिथि तथा बिड़ला परिसर के निदेशक प्रो. हरभजन सिंह चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। भारतीय भाषा समिति के अकादमिक समन्वयक डॉ. चंदन श्रीवास्तव ने विषय विशेषज्ञ के रूप में प्रतिभागियों को संबोधित किया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य 22 भारतीय भाषाओं में विद्यालयी एवं उच्च शिक्षा के लिए उच्च गुणवत्ता वाली संवादात्मक डिजिटल पुस्तकें विकसित करना है। इसके माध्यम से बहुभाषी शिक्षा को बढ़ावा देने, विद्यार्थियों को उनकी भाषा में गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने और ज्ञान के व्यापक प्रसार को सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
*पुस्तक लेखन राष्ट्र निर्माण का माध्यम: कुलपति*
कुलपति प्रो. श्री प्रकाश सिंह ने अपने संबोधन में भारत की समृद्ध बौद्धिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन में भारतीय भाषाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, “पुस्तकें लिखकर व्यक्ति अमृत पिए बिना भी अमर हो सकता है।” उन्होंने पुस्तकों को समाज की अमूल्य धरोहर बताते हुए भारतीय भाषाओं में शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने की भारत सरकार की पहल की सराहना की।
कुलपति ने भारतीय ज्ञान परंपराओं की विविधता और ऐतिहासिक विकास का उल्लेख करते हुए कौटिल्य के अर्थशास्त्र में निहित अनुसंधान पद्धति से जुड़े विचारों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने महत्वपूर्ण भारतीय ग्रंथों का विभिन्न भाषाओं में अनुवाद कर उन्हें व्यापक स्तर पर उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि पुस्तक लेखन केवल साहित्य सृजन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

अनुवाद में मूल भाव और अवधारणाओं का संरक्षण जरूरी
विषय विशेषज्ञ डॉ. चंदन श्रीवास्तव ने भारतीय भाषाओं के विकास में प्रौद्योगिकी की भूमिका पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी आधारित बहुभाषी शैक्षणिक सामग्री के विकास से शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर पैदा हो सकते हैं। भारतीय भाषाओं में पुस्तकों का अनुवाद करते समय केवल शब्दों का रूपांतरण पर्याप्त नहीं है, बल्कि मूल रचना की अवधारणाओं, अर्थ और भाव को भी सुरक्षित रखना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि इस पहल की घोषणा केंद्रीय बजट 2025 में की गई थी, जिसके अंतर्गत 2.5 लाख पुस्तकों के विकास का प्रस्ताव है। इस पहल से भारतीय भाषाओं में गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
75 प्रतिभागियों की सहभागिता
कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. आलोक सागर गौतम ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उत्तराखंड में पुस्तक लेखन, प्रकाशन और शिक्षाविदों के सामूहिक सहयोग से शैक्षणिक पुस्तकों के विकास की संभावनाओं पर विचार रखे। उन्होंने इस दिशा में आपसी समन्वय और सहयोग को आवश्यक बताया।
कार्यशाला में 65 संकाय सदस्यों एवं अकादमिक पेशेवरों, आठ शोधार्थियों और दो विद्यार्थियों सहित कुल 75 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों की सहभागिता भारतीय भाषाओं में शैक्षणिक संसाधनों के विकास के प्रति अकादमिक समुदाय की रुचि को दर्शाती है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. कविता भट्ट ने किया। कार्यशाला के समन्वय एवं सुचारु संचालन में डॉ. आलोक सागर गौतम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर प्रो. आर.एस. नेगी, प्रो. सीमा धवन, प्रो. डी.एस. नेगी, प्रो. एम.एस. नेगी, प्रो. सुरेंद्र सिंह बिष्ट, प्रो. बी.पी. नैथानी सहित अनेक संकाय सदस्य एवं शिक्षाविद् उपस्थित रहे।
कार्यशाला के माध्यम से भारतीय भाषाओं में डिजिटल पुस्तकों के विकास, शिक्षा में प्रौद्योगिकी के प्रभावी उपयोग और भारतीय ज्ञान परंपराओं के व्यापक प्रसार को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।




