
देहरादून । रायपुर क्षेत्र के विष्णुलोक में बुजुर्ग दंपती और उनकी घरेलू सहायिका की हत्या की घटना पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि राजधानी में घर में घुसकर तीन लोगों की हत्या की घटना बेहद गंभीर है और इससे राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं।
गोदियाल ने कहा कि जब लोग अपने घरों के भीतर भी खुद को सुरक्षित महसूस न करें तो सरकार और पुलिस प्रशासन को अपनी जिम्मेदारी का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर दावे करती है, लेकिन राजधानी में सामने आ रही गंभीर आपराधिक घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता पैदा करती हैं।
उन्होंने तिहरे हत्याकांड की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग करते हुए कहा कि वारदात से जुड़े प्रत्येक पहलू को सामने लाया जाना चाहिए। यदि जांच में किसी प्रकार की सुरक्षा चूक, लापरवाही या आपराधिक नेटवर्क की भूमिका सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा राजधानी में वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रभावी पुलिसिंग और निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि सरकार और पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी केवल घटना के बाद बयान देने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि अपराध की रोकथाम के लिए प्रभावी व्यवस्था जमीन पर दिखाई देनी चाहिए। देहरादून समेत पूरे प्रदेश में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और पुलिस प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।




