
देहरादून। रायपुर स्थित क्रिकेट स्टेडियम में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने विरोध जताया। दल के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम के विरोध में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड और राज्य सरकार का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश में आयोजित होने वाले बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्तराखंड के स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दिए जाने की मांग की।
उक्रांद महानगर अध्यक्ष प्रवीण चंद रमोला ने कहा कि कुछ समय पूर्व डीएवी पीजी कॉलेज, देहरादून में मासूम शर्मा के कार्यक्रम के दौरान मंच से कथित तौर पर अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल को लेकर विवाद हुआ था। उन्होंने कहा कि उक्त प्रकरण के बाद एक बार फिर उन्हें उत्तराखंड में बड़े सार्वजनिक मंच पर कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किए जाने पर उक्रांद ने आपत्ति जताई है।

रमोला ने स्पष्ट किया कि दल का विरोध किसी बाहरी कलाकार के खिलाफ नहीं है। उक्रांद की मांग है कि उत्तराखंड में आयोजित होने वाले बड़े आयोजनों में यहां के प्रतिभाशाली लोक गायकों और कलाकारों को भी अपनी कला प्रस्तुत करने के पर्याप्त अवसर दिए जाएं। उन्होंने कहा कि स्थानीय कलाकारों को मंच मिलने से प्रदेश की लोकभाषा, लोकसंगीत और सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
उक्रांद के केंद्रीय महामंत्री राजेंद्र बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और यहां की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बड़े सांस्कृतिक एवं मनोरंजन आयोजनों में स्थानीय कलाकारों को अवसर देकर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को व्यापक मंच प्रदान किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उक्रांद स्थानीय कलाकारों के सम्मान और लोक संस्कृति के संरक्षण के मुद्दे को आगे भी उठाता रहेगा।

प्रदर्शन में प्रमिला रावत, राजेश्वरी रावत, रमा चौहान, सौम्या चौधरी, गिरीश कोठारी, भोला चमोली, मनोज भट्ट, अजय सिंह, अनूप बिष्ट, लुसन टोडरिया, राजेंद्र रावत, प्रताप कुंवर, बिहारी लाल जगूड़ी, रीता देवी, सुमन नेगी, शैलेंद्र सिंह, संदीप, अंशुमान बिष्ट, अनिल राणा और राहुल बहुगुणा समेत बड़ी संख्या में उक्रांद कार्यकर्ता शामिल रहे।




