
देहरादून। राज्य में साइबर ठगों के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की कार्यवाही लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में राष्ट्रीय वित्तीय हेल्पलाइन 1930 कंट्रोल रूम के माध्यम से साइबर अपराध पीड़ितों की धनराशि को ठगों की पकड़ से बचाने की मुहिम तेज कर दी गई है। इसका असर यह हुआ है कि वर्ष 2026 में 19 सितंबर से 26 सितंबर तक केवल एक सप्ताह में पीड़ितों की कुल 73 लाख रुपये की धनराशि त्वरित कार्यवाही करते हुए होल्ड/फ्रीज कराई गई है।
हफ्ते भर में छह बड़े मामलों में बचाई गई पीड़ितों की धनराशि:
– 19 सितंबर को पिथौरागढ निवासी निर्मला भट्ट ने इंश्योरेंस पॉलिसी अपडेट करने के नाम पर हुई फ्रॉड की शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन्हें 93,130 रुपये की धोखाधड़ी हुई थी। हेल्पलाइन टीम की त्वरित कार्यवाही से नोडल अधिकारियों के माध्यम से 56,054.39 रुपये होल्ड कराए गए।
– 22 सितंबर को पटेलनगर निवासी कार्तिकेय APK लिंक फ्रॉड का शिकार हुए और 50,000 रुपये ठगे गए, लेकिन एसटीएफ की बिजली की रफ्तार से कार्यवाही करते हुए पीड़ित के 49,999 रुपये होल्ड कराए गए।
– 23 सितंबरको उधमसिंहनगर के झनकईया निवासी गीता देवी ने ऑनलाइन APK लिंक फ्रॉड में 1,88,000 रुपये की ठगी की शिकायत की, जिसमें से 71,973.08 रुपये की राशि होल्ड कराई गई। इसी दिन पटेलनगर निवासी विजय अरोरा ने भी APK फाइल से हुए क्रेडिट कार्ड फ्रॉड में 56,502 रुपये की ठगी की शिकायत दर्ज कराई, जिसमें पूरी 56,502 रुपये की राशि होल्ड करा दी गई।
– 24 सितंबर को ऋषिकेश निवासी अतुल रावत ने फर्जी ट्रेडिंग इन्वेस्टमेंट ऐप के माध्यम से 2,00,000 रुपये की ठगी की शिकायत की। प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए टीम ने बैंकों एवं मर्चेंट नोडल अधिकारियों से तत्काल समन्वय स्थापित करते हुए 1,33,408.72 रुपये संदिग्ध बैंक खातों में फ्रीज/होल्ड करवाए। इसी दिन बागेश्वर निवासी बबली देवी ने पैसा दोगुना करने के झांसे में ट्रेडिंग ऐप से 97,500 रुपये ठगने की शिकायत की, जिसमें से 86,101.02 रुपये होल्ड कराए गए।
जनता से एसटीएफ प्रमुख की अपील – ये 7 बातें आपकी साइबर सुरक्षा की ‘कवच’ हैं:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ उत्तराखंड ने जनता से अपील करते हुए कहा कि –
1. अपना बैंक खाता किसी अन्य को उपयोग हेतु न दें, कमीशन हेतु किराये पर खाता देना अपराध है।
2. ATM कार्ड, OTP, PIN और UPI PIN कभी साझा न करें।
3. खाते में अज्ञात धनराशि आने पर तुरंत बैंक या पुलिस को सूचित करें।
4. अनजान नंबरों से आने वाली वीडियो कॉल न उठाएं और न ही कोई सूचना या दस्तावेज साझा करें।
5. पुलिस, CBI, ED आदि का अधिकारी बताकर ‘डिजिटल अरेस्ट’ की धमकी देने वालों से घबराएं नहीं – कोई भी एजेन्सी ऑनलाइन गिरफ्तारी नहीं करती।
6. धनराशि दोगुना करने, फर्जी साइटों और लालच दिखाने वाले प्रलोभनों में न आएं, साथ ही गूगल से कस्टमर केयर नंबर सर्च करने से बचें।
7. कम समय में अधिक लाभ के चक्कर में निवेश न करें और स्कैमर्स के छोटे-छोटे इनाम देकर जीते भरोसे के जाल से सतर्क रहें।
एसटीएफ प्रमुख ने कहा कि तेजी से बढ़ रहे इन्वेस्टमेंट स्कैम्स ने लाखों लोगों को अपना शिकार बनाया है और स्कैमर्स वेबसाइटों व नकली रिव्यू प्रोग्राम्स के जरिए पहले छोटे इनाम देकर भरोसा जीतते हैं, फिर भारी रकम निवेश करवा देते हैं। उन्होंने नागरिकों से कहा कि किसी भी प्रकार की वित्तीय साइबर ठगी की घटना घटित होते ही तुरंत 1930 नंबर पर या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें तथा शक होने पर निकटतम पुलिस स्टेशन या साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन से संपर्क करें – जितनी जल्दी शिकायत होगी, ठगी गई राशि बचने की संभावना उतनी ही अधिक होगी।




