
देहरादून। कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र में हुई मोबाइल स्नैचिंग की घटना का दून पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
दिनांक 25 सितंबर को वादी दानिश निवासी माजरा ने तहरीर दी थी कि वह शाम को सब्जी मंडी से पैदल माजरा की ओर जा रहा था, तभी दो अज्ञात बाइक सवारों ने मारपीट कर उसका मोबाइल छीन लिया। इस पर कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा अपराध संख्या 678/26 धारा 309(6) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। मुखबिर की सूचना पर 26 सितंबर को पुलिस ने दोनों अभियुक्तों मोहम्मद आरिफ पुत्र सलीम जावेद निवासी ब्राह्मणवाला उम्र 29 वर्ष और मोहम्मद फारूक पुत्र अली हसन निवासी ब्राह्मणवाला उम्र 28 वर्ष को पटेलनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन व घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या UK07FA-0544 बरामद की।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए उन्होंने यह वारदात की थी। पुलिस टीम में चौकी प्रभारी बाजार उपनिरीक्षक आशीष कुमार, कांस्टेबल हरमिंदर और कांस्टेबल चमन शामिल रहे।




