
हरिद्वार। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या आज जनपद हरिद्वार स्थित चांदपुर आंगनबाड़ी केंद्र पहुंची। यहां उन्होंने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने फेरुपुर न्याय पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र चांदपुर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय में माताओं, बहनों, किशोरियों और नन्हे बच्चों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
202 लाभार्थियों को मिली किट, उत्कृष्ट कार्यकत्रियां सम्मानित
कार्यक्रम में 202 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट, तेजस्विनी किट, रोजगार किट, पोषण किट सहित विभिन्न लाभकारी किट वितरित की गईं। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा बहनों को सम्मानित भी किया गया।
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी बहनें सरकार की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। वे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही हैं और जरूरतमंद परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही हैं।

सात महिलाओं की गोद भराई, बच्चों का अन्नप्राशन
कार्यक्रम में सात गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म और नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। इस दौरान मातृ एवं शिशु पोषण के महत्व पर चर्चा की गई।
मंत्री ने चांदपुर आंगनबाड़ी केंद्र तृतीय का शुभारंभ भी किया और बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया। बच्चों ने उत्साह के साथ मंत्री के साथ संवाद किया।
मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल योजना संचालन का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य की बुनियाद रखने वाले केंद्र हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चल रही हैं।

इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, मेयर किरण जैसल, ब्लॉक प्रमुख आशा नेगी, सीडीओ ललित नारायण मिश्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी अविनाश भदोरिया समेत कई अधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




