
देहरादून, 25 सितंबर। उत्तराखंड में 26 और 27 सितंबर को मौसम विभाग द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में जारी रेड और ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेड अलर्ट की अवधि में अनावश्यक यात्रा से बचें और बेहद जरूरी होने पर ही मौसम तथा सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद यात्रा करें।
मुख्यमंत्री धामी ने विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन संभावित स्थानों, नदी-नालों, गाड़-गदेरों, बरसाती धाराओं और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को जोखिम वाले स्थानों के आसपास न जाने देने की अपील करते हुए कहा कि तेज बहाव वाले नदी-नालों में जाने का प्रयास किसी भी स्थिति में न किया जाए।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को 24×7 अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी के साथ राहत एवं बचाव की सभी व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त रखने को कहा है। राहत दल, जेसीबी, आवश्यक उपकरण और अन्य मशीनरी को रणनीतिक स्थानों पर तैयार रखने तथा विभागों के बीच लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
धामी ने नदी-नालों के जलस्तर, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, पर्वतीय मार्गों, चारधाम यात्रा मार्गों और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर विशेष निगरानी रखने को कहा है। आवश्यकता पड़ने पर संवेदनशील क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था भी पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
चारधाम यात्रा स्थगित नहीं, हालात बिगड़े तो होल्डिंग एरिया में रोके जाएंगे यात्री
इधर, आगामी मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए गढ़वाल मंडल में चारधाम यात्रा को लेकर भी प्रशासन ने रणनीति स्पष्ट कर दी है। मौसम विभाग ने 26 और 27 सितंबर को गढ़वाल मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में ऑरेंज एवं रेड अलर्ट जारी किया है। चारधाम यात्रा वर्तमान में अपने दूसरे चरण में चल रही है।
गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने सभी जिलाधिकारियों से विचार-विमर्श कर स्थानीय परिस्थितियों और प्रशासन से प्राप्त फीडबैक का आकलन किया। इसके बाद फिलहाल चारधाम यात्रा को स्थगित नहीं करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि, भारी बारिश या प्रतिकूल मौसम की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें परिस्थितियों के अनुसार निकटतम होल्डिंग एरिया में रोका जाएगा।
आयुक्त गढ़वाल ने बताया कि यात्रा मार्गों पर मौसम और सड़क की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों को यात्रियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने चारधाम यात्रियों से अपील की कि वे मौसम की स्थिति और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा करें। भारी बारिश या मौसम खराब होने की स्थिति में प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुरक्षा के लिए लिए जाने वाले निर्णयों में सहयोग करें।
मुख्यमंत्री धामी ने भी लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेशवासियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। आपात स्थिति में प्रशासन को तत्काल सूचना देने और स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की गई है।




