
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ विधायक बंसीधर भगत ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने किच्छा में स्ट्रांग रूम के बाहर हुए घटनाक्रम और हल्द्वानी में पुलिस प्रशासन से टकराव को लेकर कांग्रेस नेताओं के आक्रामक रवैये की कड़ी निंदा की है।
भगत ने कहा कि किच्छा में स्ट्रांग रूम के बाहर कांग्रेस विधायक द्वारा समर्थकों की भीड़ जुटाकर धरना देना किसी भी नियम और अनुमति के दायरे में नहीं आता है। यदि पर्दे या किसी व्यवस्था को लेकर आपत्ति थी तो निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पक्ष रखा जा सकता था। बिना प्रमाण के मतपेटियां बदलने जैसे बेबुनियाद आरोप लगाकर चुनावी प्रक्रिया पर सवाल खड़ा करना कांग्रेस की हताशा को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम से पहले एसएसपी कार्यालय में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी में पुलिस अधिकारियों से अभद्रता और टकराव बेहद शर्मनाक है।
भगत ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सबको है, लेकिन अराजकता और गुंडागर्दी का लाइसेंस किसी के पास नहीं है। कानून से ऊपर कोई नहीं है।




