
श्रीनगर गढ़वाल । राष्ट्रीय कृषि विस्तार प्रबंधन संस्थान (मैनेज), हैदराबाद और हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय (एचएनबीजीयू) के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को “कृषि-स्टार्टअप हितधारक संपर्क: सहयोग एवं साझेदारी को बढ़ावा” विषय पर एक दिवसीय सम्मेलन का आयोजन किया गया।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, कृषि विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, नीति-निर्माताओं, उद्यमियों और विभिन्न हितधारकों को एक साझा मंच प्रदान करना और कृषि उद्यमिता, नवाचार, कृषि व्यवसाय तथा ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों से परिचित कराना था।
कार्यक्रम के संयोजक और कृषि एवं संबद्ध विज्ञान संकाय के डीन प्रो. आर.एस. नेगी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन पहाड़ के युवाओं को कृषि में नए अवसरों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह ने विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। बिरला परिसर के निदेशक प्रो. हरिभजन सिंह चौहान, सशस्त्र सीमा बल के उपमहानिरीक्षक सुभाष चंद्र नेगी, डॉ. अजीत नेगी और डॉ. डी.के. राणा भी मौजूद रहे।
मैनेज, हैदराबाद के निदेशक (कृषि विस्तार) और सीईओ डॉ. सरवनन राज ने अपने संबोधन में कहा कि कृषि-स्टार्टअप, एग्री बिजनेस, एफपीओ, इंटर्नशिप और कृषि विस्तार के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे अपने नवीन विचारों को केवल शैक्षणिक प्रोजेक्ट तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें व्यावहारिक उद्यमों में बदलें। इससे न केवल रोजगार सृजन होगा, बल्कि किसानों की आय में वृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती भी मिलेगी। उन्होंने स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए नवीन तकनीकों के उपयोग पर जोर दिया।
प्रो. हरिभजन सिंह चौहान ने कहा कि किसानों तक नई तकनीक और ज्ञान पहुंचाने के लिए संस्थानों के बीच मजबूत समन्वय बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम के अतिथि वक्ता और उद्यमी गोविंद सिंह धामी ने पहाड़ में ग्रामीण उद्यमिता के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि होमस्टे, स्थानीय व्यंजन, लोक संस्कृति, पारंपरिक उत्पादों और सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग से युवा पहाड़ में ही स्वरोजगार के नए अवसर पैदा कर सकते हैं।
सम्मेलन के दौरान जीआई टैग प्राप्त उत्पादों, जैविक कृषि, जलवायु परिवर्तन, कृषि उत्पादों के भंडारण एवं प्रसंस्करण, सरकारी सहायता योजनाओं और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
वक्ताओं ने विद्यार्थियों को अपने आसपास उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों की पहचान कर उन्हें नवाचार आधारित व्यावसायिक अवसरों में बदलने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी विशिष्ट अतिथियों और प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।




