
देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड की पावन धरा पर सनातन संस्कृति, क्षेत्रीय सरोकारों और जनहित के मुद्दों को उठाने के लिए एक नया मीडिया मंच ‘भैरव वाणी’ पत्रिका एवं न्यूज़ पोर्टल का शुभारंभ हरिद्वार बाईपास रोड़ स्थित भैरव सेना कार्यालय पर गरिमामयी समारोह के बीच किया गया। प्रखर क्षेत्रीय संगठन ‘भैरव सेना’ के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य ध्येय वाक्य “सत्य, संस्कृति, संचार – देवभूमि उत्तराखंड की आवाज़” तय किया गया, जो इस पोर्टल की हर वर्ग और हर क्षेत्र की सच्ची आवाज़ बनने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में निरंजनी अखाड़े के श्री महंत स्वामी दर्शन भारती जी रहे, जिनके सान्निध्य ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक और वैचारिक ऊर्जा प्रदान की। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर निगम देहरादून के पार्षद राकेश पंडित एवं भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा ने जन समस्याओं और जमीनी मुद्दों को मुखर करने के इस प्रयास की सराहना की, जबकि राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र बॉबी जी की उपस्थिति ने आयोजन को और अधिक बल प्रदान किया।
पत्रिका एवं पोर्टल के मुख्य संपादक संदीप खत्री ने बताया कि यह संस्थान किसी भी जनमुद्दे, क्षेत्रीय समस्या या धार्मिक विषय पर बिना संकोच पूरी मुखरता से बात रखेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पोर्टल प्रेस एवं रजिस्ट्रेशन ऑफ पीरियडिकल्स एक्ट (PRGI) तथा सभी संबंधित शासकीय पंजीकरणों के नियमों के अंतर्गत अपनी वैधानिक और पारदर्शी भूमिका निभाएगा। ‘भैरव वाणी’ का कवरेज चार स्तंभों पर आधारित होगा – तथ्यात्मक व जमीनी खबरों का निष्पक्ष प्रकाशन, देवभूमि की पौराणिक विरासत व धार्मिक आस्था का संरक्षण-संवर्धन, राज्य के दूर-दराज क्षेत्रों की गतिविधियों पर पैनी नजर तथा जनहित के मुद्दों को शासन-प्रशासन तक पहुँचाना।
इस अवसर पर भैरव सेना के प्रमुख पदाधिकारी – जिला अध्यक्ष अनिल कुमार, केंद्रीय सचिव संजय पवार, प्रदेश संगठन मंत्री गणेश जोशी एवं प्रदेश अध्यक्ष (युवा मोर्चा) मयंक मलेठा सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। साथ ही सामाजिक संस्था ‘देवभूमि भैरव वाहिनी’ की कार्यकर्ताओं गोरी कोठियाल, गीता बिष्ट, सुनीता थापा और लक्ष्मी थापा ने कार्यक्रम में भागीदारी दर्ज कराकर नारी शक्ति की उपस्थिति सुनिश्चित की।




