
नगर निगम देहरादून के चार्ज-4 के जनगणना अधिकारी डॉ. वरुण अग्रवाल ने विभिन्न संस्थानों से किया संपर्क, जनभागीदारी बढ़ाने पर दिया जोर
देहरादून। जनगणना 2026-27 को सफल बनाने, स्वगणना को प्रोत्साहित करने और जनगणना के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से नगर निगम देहरादून द्वारा जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को नगर निगम देहरादून के चार्ज-4 के जनगणना अधिकारी एवं वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वरुण अग्रवाल ने जिला जनगणना निदेशालय के प्रदीप यादव के साथ सुविधा स्टोर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सुविधा स्टोर के संचालक अनिल गुप्ता एवं उनके मानव संसाधन विभाग के अधिकारियों को जनगणना के राष्ट्रीय महत्व तथा स्वगणना की प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इस दौरान बताया गया कि डिजिटल माध्यम से स्वगणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिसके माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर जनगणना प्रक्रिया में सहभागिता कर सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि सुविधा स्टोर की देहरादून के विभिन्न वार्डों में अनेक शाखाएं संचालित हैं, जिनमें लगभग 500 कर्मचारी कार्यरत हैं। ऐसे में संस्थान के माध्यम से बड़ी संख्या में कर्मचारियों के साथ-साथ आमजन तक भी जनगणना के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचाया जा सकता है।
इस अवसर पर अनिल गुप्ता एवं उनकी टीम ने जनगणना के राष्ट्रीय महत्व को समझते हुए अभियान में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही संस्थान से जुड़े सभी कर्मचारियों की स्वगणना प्रक्रिया 30 नवंबर 2026 से पूर्व पूर्ण कराने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में सुविधा स्टोर के संचालक अनिल गुप्ता, मानव संसाधन विभाग के अधिकारी, विनय अग्रवाल, जिला जनगणना निदेशालय के प्रदीप यादव एवं नगर निगम देहरादून के वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी तथा चार्ज-4 के जनगणना अधिकारी डॉ. वरुण अग्रवाल उपस्थित रहे।
इस संपूर्ण जनजागरूकता एवं प्रचार-प्रसार अभियान का संचालन नगर निगम देहरादून के वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी एवं चार्ज-4 के जनगणना अधिकारी डॉ. वरुण अग्रवाल के नेतृत्व में किया जा रहा है।



