
सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर डीएम सख्त, प्रगति नहीं सुधरने पर वेतन रोकने की चेतावनी
रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनता दरबार में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। जनता दरबार में कुल सात शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से दो का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। पिछले जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
जनता दरबार में ग्राम नारी निवासी बीर सिंह ने मकान के ऊपर खड़े पेड़ से भवन को खतरा होने की शिकायत करते हुए पेड़ कटान की मांग उठाई। वहीं हीत डांग मोहल्ले के राजेंद्र सिंह ने नगर पालिका की दीवार से कच्ची नाली का पानी रिसने के कारण मकान में सीलन और क्षति की आशंका जताई। ग्राम कंडारा निवासी प्रमोद राणा ने पेंशन उपलब्ध कराने की मांग रखी। अन्य शिकायतकर्ताओं ने भी विभिन्न जनसमस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा, जिन पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए पाया कि एल-1 स्तर पर 173 और एल-2 स्तर पर 40 शिकायतें लंबित हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को सभी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने और शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। 36 दिन से अधिक समय से लंबित मामलों पर विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने आगामी सोमवार को दोबारा समीक्षा करने की बात कही।
बैठक में जिला योजना के अंतर्गत विभिन्न विभागों की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की भी समीक्षा की गई। कुछ विभागों की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के वेतन रोकने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रत्येक सोमवार को जनता दरबार आयोजित किया जा रहा है। प्रशासन की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना है।
जनता दरबार के बाद जनगणना के द्वितीय चरण के तहत स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया को लेकर ऑनलाइन प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वगणना की प्रक्रिया की जानकारी दी गई तथा सभी कार्यालयाध्यक्षों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की स्वगणना सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अखिलेश मिश्रा, जिला पंचायती राज अधिकारी प्रेम सिंह रावत, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट, एआरटीओ धर्मेंद्र सिंह बिष्ट, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग ओंकार पांडे तथा अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।



