
तीन विद्यालयों की छात्राओं और विभिन्न संगठनों की महिलाओं ने लिया जागरूकता अभियान में हिस्सा
मसूरी । महिलाओं के खिलाफ हिंसा और उत्पीड़न के विरोध में अखिल भारतीय महिला परिषद (एआईडब्ल्यूसी) की मसूरी शाखा की ओर से जीरो वॉयलेंस अगेंस्ट वुमेन अभियान के तहत साइलेंट वॉक आयोजित की गई। शहीद स्थल झूलाघर से शुरू हुई वॉक अंबेडकर चौक होते हुए वापस शहीद स्थल पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें तीन विद्यालयों की करीब 55 छात्राओं सहित विभिन्न संगठनों की महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर महिला सुरक्षा, सम्मान और हिंसा मुक्त समाज का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी और भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने किया। संस्था की कार्यक्रम संयोजिका कमल शर्मा ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र से जुड़े अभियान के तहत देशभर में एआईडब्ल्यूसी की 550 शाखाओं में एक साथ आयोजन किया जा रहा है। संस्था अपने शताब्दी वर्ष के अवसर पर महिलाओं के विरुद्ध हिंसा समाप्त करने और समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए अभियान चला रही है।
संस्था की अध्यक्ष भरोसी रावत और कार्यक्रम संयोजिका कमल शर्मा ने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनना होगा। अत्याचार सहने के बजाय उसके खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हिंसा केवल शारीरिक मारपीट तक सीमित नहीं है, बल्कि मानसिक उत्पीड़न और कार्यस्थल पर शोषण भी इसके गंभीर रूप हैं। शिक्षा और जागरूकता महिलाओं को इन परिस्थितियों से मुकाबला करने में सशक्त बना सकती है।
नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि महिला हिंसा के खिलाफ समाज को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। घरेलू हिंसा हो या सार्वजनिक स्थानों पर बेटियों के साथ छेड़छाड़, ऐसे मामलों में चुप्पी तोड़ना जरूरी है। उन्होंने छात्राओं की भागीदारी को सराहनीय बताते हुए महिलाओं के अधिकारों और सशक्तीकरण के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।



