
नदी के स्वास्थ्य और कायाकल्प को प्राथमिकता देने पर जोर, विभिन्न विभागों के समन्वय से जमीनी स्तर पर होंगे प्रभावी प्रयास
देहरादून । सोंग नदी बेसिन में जल प्रदूषण और जलजनित रोगाणुरोधी प्रतिरोध (एएमआर) की बढ़ती चुनौती से निपटने के लिए समस्याओं की पहचान के साथ ही अब ठोस समाधान और जमीनी स्तर पर कार्रवाई की दिशा में प्रयास तेज किए जा रहे हैं। इसी उद्देश्य से इंटरनेशनल वाटर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (आईडब्ल्यूएमआई) और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की (आईआईटीआर) के संयुक्त तत्वावधान में 23 और 24 नवंबर को दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। कार्यशाला में सोंग नदी बेसिन में जल प्रदूषण और जलजनित रोगाणुरोधी प्रतिरोध को नियंत्रित करने के लिए एकीकृत रणनीति तैयार करने, विभिन्न क्षेत्रों के बीच समन्वय बढ़ाने और प्रभावी हस्तक्षेपों पर चर्चा की जा रही है।
सीजीआईएआर के सस्टेनेबल एनिमल एंड एक्वाटिक फूड्स (एसएएएफ) कार्यक्रम तथा वन हेल्थ दृष्टिकोण के तहत आयोजित कार्यशाला में जल गुणवत्ता निगरानी, जलविज्ञान मॉडलिंग और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से नदी बेसिन में प्रदूषण के हॉटस्पॉट और उनके स्रोतों की पहचान पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए स्वाट (SWAT) और बीएफटीएम मॉडलिंग, डिजिटल ट्विन तथा एआई आधारित पूर्वानुमान प्रणाली का उपयोग कर प्रदूषण के प्रवाह और संभावित प्रभावों को समझने की दिशा में काम किया जाएगा।
कार्यशाला में सोंग नदी के पुनर्जीवन के लिए साझा वन हेल्थ मार्गदर्शिका तैयार करने और भूमि, जल एवं खाद्य प्रणालियों में जलजनित रोगाणुरोधी प्रतिरोध को कम करने के लिए समाधान आधारित कार्ययोजना विकसित करने पर भी विचार-विमर्श किया जा रहा है। इसमें प्रदूषण के स्रोत से लेकर उसके प्रसार और मानव एवं पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभावों तक विभिन्न पहलुओं को शामिल किया जाएगा। साथ ही सिंचाई, प्रदूषण नियंत्रण, पशुपालन, जनस्वास्थ्य, नदी कायाकल्प, आईसीएआर, बीएआईएफ, डब्ल्यूएचओ तथा विभिन्न शोध एवं सरकारी संस्थानों के विशेषज्ञों के बीच समन्वित प्रयासों को मजबूत करने पर बल दिया गया।
कार्यशाला के मुख्य अतिथि दिलीप जावलकर, सचिव जलागम एवं मुख्य परियोजना निदेशक (डब्ल्यूएमडी) ने कहा कि सोंग नदी के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखना और उसमें सुधार करना समय की बड़ी आवश्यकता है। इसके लिए जल प्रदूषण नियंत्रण, जल संरक्षण और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर नदी कायाकल्प को प्राथमिकता देनी होगी। उन्होंने कहा कि नदी की पारिस्थितिकी को संरक्षित करने के साथ जनस्वास्थ्य की सुरक्षा भी सुनिश्चित करना जरूरी है।
वहीं, आईआईटी रुड़की के प्रो. सुमित सेन ने जल प्रदूषण और रोगाणुरोधी प्रतिरोध की समस्या से निपटने के लिए एकीकृत मॉडलिंग तथा विभिन्न हस्तक्षेपों के प्रभावों के वैज्ञानिक आकलन की आवश्यकता बताई। उन्होंने स्वाट और बीएफटीएम मॉडलिंग के माध्यम से सोंग नदी बेसिन की वर्तमान स्थिति तथा विभिन्न समाधान आधारित परिदृश्यों का प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और मॉडल आधारित विश्लेषण के जरिए नदी कायाकल्प की प्रभावी योजनाएं तैयार करने में मदद मिलेगी।
कार्यशाला का उद्देश्य विभिन्न विभागों, वैज्ञानिक संस्थानों और संबंधित हितधारकों को एक साझा मंच पर लाकर सोंग नदी बेसिन में जल प्रदूषण और एएमआर की समस्या के समाधान के लिए व्यावहारिक, समन्वित और दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करना है।



