
आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और विधानसभा चुनाव अभियान को डिजिटल माध्यम से धार देने की तैयारी
देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया विभाग ने संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और डिजिटल माध्यम से पार्टी की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से नए पदाधिकारियों एवं जिला प्रभारियों की नियुक्ति की है। प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के अध्यक्ष अभिनव थापर ने नवनियुक्त पदाधिकारियों और जिला प्रभारियों की सूची जारी की।
अभिनव थापर ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देशानुसार आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। नियुक्त पदाधिकारी प्रदेश स्तर पर आंतरिक समन्वय और संचार व्यवस्था को मजबूत करने के साथ जिला स्तर पर सोशल मीडिया संगठन को सक्रिय बनाने का काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया विभाग के पदाधिकारियों की जिम्मेदारी जनहित से जुड़े मुद्दों को अधिकाधिक लोगों तक डिजिटल माध्यम से पहुंचाना, पार्टी की गतिविधियों का प्रचार-प्रसार करना और संगठन की ऑनलाइन उपस्थिति मजबूत करना होगा। कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए डिजिटल प्रचार अभियान को व्यापक स्तर पर ले जाने की तैयारी कर रही है, ताकि पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और जनहित के मुद्दों को घर-घर तक पहुंचाया जा सके।
अभिनव थापर ने नवनियुक्त पदाधिकारियों और जिला प्रभारियों से संगठनात्मक जिम्मेदारियों का सक्रियता से निर्वहन करने तथा पार्टी के डिजिटल अभियान को मजबूती देने की अपेक्षा की।
यँहा देखें नियुक्तियों की विस्तृत सूची




