
देहरादून । भारतीय किसान यूनियन वेलफेयर फाउंडेशन (पंजी.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोमदत्त शर्मा के पुत्र नीरज शर्मा उर्फ बिट्टू ने अपने घर के बाहर खड़ी गाड़ी में तोड़फोड़, फायरिंग और हमले के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। सोमवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई में ढिलाई बरती और मामले को हल्की धाराओं तक सीमित रखा।
ओगल भट्टा, टर्नर रोड (क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र) निवासी नीरज शर्मा के अनुसार, 13-14 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि करीब डेढ़ से दो बजे के बीच हुड पहने कुछ युवक उनके घर के बाहर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने लाठी-डंडों, पत्थरों और हथियारों से खड़ी गाड़ी में तोड़फोड़ की और मौके पर फायरिंग भी की। पीड़ित का दावा है कि फायरिंग की आवाज घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की ऑडियो रिकॉर्डिंग में दर्ज है।
नीरज का कहना है कि घटना के बाद पुलिस ने तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया, लेकिन 15 नवंबर को उन्हें बिना प्रभावी कार्रवाई के छोड़ दिया गया। उन्होंने इस पर भी आपत्ति जताई कि मुकदमे में केवल बीएनएस की धारा 324(4) और 352 लगाई गई हैं और आरोपियों को नामजद नहीं किया गया। उनका मानना है कि फायरिंग, जानलेवा हमले और आर्म्स एक्ट जैसे पहलुओं की भी गहराई से जांच होनी चाहिए थी। हमलावरों के साथ आए वाहनों और अन्य अज्ञात लोगों की पहचान भी अब तक सामने नहीं आई है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सोमदत्त शर्मा ने कहा कि यह घटना केवल संपत्ति के नुकसान तक सीमित नहीं है, बल्कि परिवार की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा करती है। उन्होंने कहा कि जब साक्ष्य और ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद हैं, तो मामले को हल्की धाराओं में दर्ज करना न्याय के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने मांग की कि पुलिस बिना किसी दबाव के निष्पक्ष जांच करे, गंभीर धाराएं जोड़े और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करे।

नीरज शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, फायरिंग की ऑडियो रिकॉर्डिंग, क्षतिग्रस्त गाड़ी की तस्वीरें और अन्य साक्ष्य उनके पास मौजूद हैं। इन्हीं के आधार पर उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून को प्रार्थना पत्र सौंपकर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। उनकी प्रमुख मांगों में फायरिंग और जानलेवा हमले के आरोपों की निष्पक्ष जांच, साक्ष्यों के अनुरूप गंभीर धाराएं जोड़ना, नामजद व अज्ञात आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी, घटना में प्रयुक्त वाहनों की जांच, पीड़ित व गवाहों के बयान दर्ज करना और समय पर आरोप-पत्र दाखिल करना शामिल है। साथ ही संदिग्धों को छोड़े जाने के मामले की जांच और पुलिस की शुरुआती कार्यप्रणाली की समीक्षा की भी मांग की गई है।
पीड़ित परिवार के समर्थन में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई किसान संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें भारतीय किसान यूनियन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अवनीत पवार, किसान यूनियन मंडार से चौ. प्रदीप नंबरदार, किसान यूनियन क्रांति के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. नरेश, किसान यूनियन जन मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शहजाद प्रधान, किसान यूनियन हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष साजिद अली, अंतर्राष्ट्रीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि पवार, किसान यूनियन तोमर के युवा प्रदेश अध्यक्ष अंकित चौहान, किसान यूनियन डबलू एफ फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष राकेश चौधरी और किसान यूनियन आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष भगवान सिंह राठौड़ शामिल थे। सभी संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस प्रशासन ने जल्द निष्पक्ष और उचित कार्रवाई नहीं की, तो सभी किसान यूनियनें मिलकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगी।



