
भारत निर्वाचन आयोग से अनुमोदन के बाद मतदेय स्थलों की सूची का हुआ अंतिम प्रकाशन, विभागीय वेबसाइट एवं विभिन्न कार्यालयों में सूची उपलब्ध
रुद्रप्रयाग। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग से अनुमोदन प्राप्त होने के बाद जनपद रुद्रप्रयाग के दोनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों की संशोधित अंतिम सूची का प्रकाशन कर दिया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड के पत्र के क्रम में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 03 नवम्बर, 2026 को मतदेय स्थलों के प्रस्तावों पर अनुमोदन प्रदान किया गया है। आयोग के निर्देशों तथा मैनुअल ऑन पोलिंग स्टेशन, 2020 के अध्याय-3 के पैरा 3.6 (ii) में दिए गए प्रावधानों के अनुसार जनपद के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 07-केदारनाथ एवं 08-रुद्रप्रयाग के वर्तमान मतदेय स्थलों की सूची में आवश्यक संशोधन के उपरांत अनुलग्नक-IV में अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि मतदेय स्थलों की अंतिम सूची जनपद की आधिकारिक वेबसाइट https://rudraprayag.gov.in/deo-portal/ पर उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त सूची जनपद के समस्त नगर पालिका एवं नगर पंचायत कार्यालयों, खंड विकास अधिकारी कार्यालयों, जिला पंचायत कार्यालय, समस्त उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार कार्यालयों तथा जिला निर्वाचन कार्यालय, रुद्रप्रयाग में भी जनसामान्य के अवलोकनार्थ उपलब्ध कराई गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने संबंधित विधानसभा क्षेत्र के मतदेय स्थलों की अंतिम सूची का अवलोकन कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर लें।



