
2027 पर भाजपा की नजर, चुनाव कार्यालय के शुभारंभ के साथ तैयारियों को धार देने में जुटी पार्टी
देहरादून। उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में देहरादून स्थित पार्टी के चुनाव कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूजा-अर्चना और हवन के बाद कार्यालय की शुरुआत की। उन्होंने इसे पार्टी की आगामी चुनावी तैयारियों के लिए शुभ संकेत बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनावी तैयारियां लगातार आगे बढ़ रही हैं और इस दिशा में व्यवस्थित कार्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों का संचालन भी इसी कार्यालय से किया गया था। लोकसभा चुनावों में भी पार्टी ने यहीं से अपनी रणनीति और प्रचार अभियान को आगे बढ़ाया था और सफलता हासिल की।

सीएम धामी ने कहा कि आज भगवान का स्मरण करते हुए विधि-विधान से हवन एवं पूजन के साथ कार्यालय का शुभारंभ किया गया है। यह कार्यालय आगामी चुनाव से जुड़ी गतिविधियों, प्रचार सामग्री और संगठनात्मक कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित करने में अहम भूमिका निभाएगा।
उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और पार्टी कार्यकर्ताओं को नए चुनाव कार्यालय के शुभारंभ पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पार्टी पूरी तत्परता के साथ चुनावी तैयारियों में जुटी है।



