
एंटीबायोटिक दवाओं के जिम्मेदार उपयोग और रोगाणुरोधी प्रतिरोध (AMR) के प्रति जागरूकता पर जोर, छात्र गतिविधियों और विशेषज्ञ चर्चा का आयोजन
देहरादून। भारतीय फार्मेसी परिषद (PCI), नई दिल्ली की ओर से उत्तराखंड में विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 के राज्यस्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। 26 नवंबर को गढ़ी कैंट स्थित हिमालयन कल्चर सेंटर में आयोजित कार्यक्रम की थीम ‘स्वस्थ भारत: रोगाणुरोधी प्रतिरोध (AMR) का मुकाबला’ रही। कार्यक्रम में प्रदेश के 80 फार्मेसी संस्थानों के करीब 1,100 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। समारोह में एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग, रोगाणुरोधी प्रतिरोध की रोकथाम और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में फार्मासिस्टों की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में फार्मेसी के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, कार्यरत फार्मासिस्टों, संस्थानों के प्रतिनिधियों और विशेषज्ञों ने प्रतिभाग किया। समारोह में विशेषज्ञ व्याख्यान, पैनल चर्चा, साइ-टून (Scitoon) प्रतियोगिता, पोस्टर प्रस्तुति और फार्मा क्विज जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को रोगाणुरोधी प्रतिरोध की चुनौती, दवाओं के जिम्मेदार उपयोग और मरीजों को सही परामर्श देने के महत्व से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन मुख्य अतिथि रहे। वहीं तकनीकी शिक्षा एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री सुबोध उनियाल, VMSBUTU देहरादून की कुलपति डॉ. तृप्ता ठाकुर, भारतीय फार्मेसी परिषद के अध्यक्ष डॉ. मोंटू कुमार पटेल, उपाध्यक्ष जशुभाई एच. चौधरी सहित परिषद के केंद्रीय एवं राज्य स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में फार्मेसी शिक्षा, दवा वितरण व्यवस्था और एंटीबायोटिक दवाओं के दुरुपयोग को रोकने के उपायों पर चर्चा की गई।

1500 से अधिक विद्यार्थियों ने निकाली जागरूकता रैली
राज्यस्तरीय समारोह से पहले 31 अक्टूबर को प्रदेशभर में रोगाणुरोधी प्रतिरोध के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत आयोजित रैली में 1,500 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर एंटीबायोटिक दवाओं के जिम्मेदार उपयोग का संदेश दिया। कार्यक्रम में कहा गया कि एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक सेवन और गलत तरीके से इस्तेमाल इनके प्रभाव को कम कर सकता है, जिससे भविष्य में संक्रमण का उपचार चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
फार्मासिस्टों की भूमिका पर दिया जोर
समापन सत्र में आयोजन समिति ने कार्यक्रम के सफल संचालन में सहयोग देने वाले संस्थानों, अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों और सहयोगी संगठनों का आभार जताया। समारोह में रोगाणुरोधी प्रतिरोध से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास, जागरूकता और दवाओं के सुव्यवस्थित उपयोग को जरूरी बताया गया। परिषद ने स्वस्थ भारत के लक्ष्य के तहत वर्तमान और भावी पीढ़ियों के लिए दवाओं की प्रभावशीलता बनाए रखने तथा फार्मासिस्टों को जनस्वास्थ्य जागरूकता अभियान से जोड़ने की प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम में मौजूद रहे अतिथि एवं पदाधिकारी
कार्यक्रम में उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन, तकनीकी शिक्षा एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री सुबोध उनियाल, VMSBUTU देहरादून की कुलपति डॉ. तृप्ता ठाकुर, भारतीय फार्मेसी परिषद (PCI) के अध्यक्ष डॉ. मोंटू कुमार पटेल, उपाध्यक्ष जशुभाई एच. चौधरी, केंद्रीय परिषद सदस्य बलदेव कुमार, प्रो. (डॉ.) विभु साहनी, दिनेश कुमार मदान, डॉ. संजय तोशनीवाल, डॉ. पद्म चरण बेहरा एवं डॉ. एम. वेंकट रमणा, उत्तराखंड राज्य फार्मेसी परिषद के रजिस्ट्रार के. एस. फर्शवान, श्री देव भूमि इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन साइंस एंड टेक्नोलॉजी के अध्यक्ष श्रीनिवास नौटियाल, अल्पाइन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के उपाध्यक्ष ईशांत सैनी, PCI केंद्रीय परिषद सदस्य एवं राज्य संयोजक डॉ. शिवानंद एम. पाटिल तथा राज्य समन्वयक प्रो. (डॉ.) कपिल कालरा मौजूद रहे।



