
भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ पखवाड़ेभर चले हस्ताक्षर अभियान का समापन, संविधान की प्रस्तावना और रक्षा की प्रतिज्ञा का किया पाठ
देहरादून । उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदेशभर में चलाए गए पखवाड़ेभर के हस्ताक्षर अभियान और संविधान बचाओ-देश बचाओ अभियान का समापन संविधान दिवस पर ‘संविधान रक्षा मार्च’ के साथ हुआ। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना और संविधान रक्षा से संबंधित तख्तियां हाथों में लेकर भाजपा सरकार की नीतियों, भ्रष्टाचार और संवैधानिक संस्थाओं के कथित दुरुपयोग के खिलाफ आवाज उठाई। कार्यकर्ताओं ने लोकभवन की ओर कूच कर अभियान के तहत अपनी ताकत दिखाई।
मार्च में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, प्रदेश पदाधिकारी, अनुषांगिक संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, एआईसीसी-पीसीसी सदस्य तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हस्ताक्षर अभियान और संविधान बचाओ-देश बचाओ कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन को मजबूती मिली है और जनता के बीच पार्टी के अभियान को व्यापक समर्थन मिल रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संविधान दिवस पर आयोजित मार्च में कार्यकर्ताओं का उत्साह राहुल गांधी के नेतृत्व में संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए चल रही लड़ाई के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनाव आयोग समेत संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर सत्ता में बने रहने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता ऐसी कोशिशों के खिलाफ मजबूती से संघर्ष करेगा।

वक्ताओं ने केंद्र सरकार पर केंद्रीय जांच एजेंसियों, चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं का राजनीतिक हितों के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान की मूल भावना प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि संविधान देश के नागरिकों को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और अधिकारों की गारंटी देता है। इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और कांग्रेस संवैधानिक मूल्यों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगी।
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, भ्रष्टाचार और सत्ता के दुरुपयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि आम जनता सरकार के कुशासन से परेशान है। कांग्रेस सड़क से सदन तक जनता की आवाज उठाती रहेगी और लोकतंत्र, संविधान तथा नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करेगी। कार्यक्रम से पूर्व कांग्रेसजनों ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया और संविधान की रक्षा की प्रतिज्ञा ली गई।



