
महिला सुरक्षा, बेरोजगारी और बदहाल शिक्षा-स्वास्थ्य व्यवस्था पर सरकार को घेरा, बद्रीनाथ-केदारनाथ धाम के चढ़ावे का हिसाब सार्वजनिक करने की उठाई मांग
लोहाघाट । उत्तराखंड में भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने अपने राजनीतिक अभियान को धार देते हुए मंगलवार को लोहाघाट में विशाल जनसभा आयोजित की। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा ने जनसभा को संबोधित करते हुए धामी सरकार पर जनविरोधी नीतियां अपनाने, युवाओं को रोजगार देने में विफल रहने तथा प्रदेश की बुनियादी समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता अब खोखली घोषणाओं और वादों से ऊब चुकी है। प्रदेश बदलाव के लिए तैयार है और सरकार को अपने कामकाज का जवाब जनता को देना होगा।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित जनसभा में दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों की मौजूदगी को कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार के प्रति बढ़ते जनाक्रोश का संकेत बताया। कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश में महिला सुरक्षा एक गंभीर चिंता का विषय है। महिलाओं और बेटियों को सुरक्षित माहौल देना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए।

उन्होंने पहाड़ी क्षेत्रों में बदहाल शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं, अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी और लगातार बढ़ती बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि रोजगार की तलाश में युवाओं का पलायन लगातार चिंता बढ़ा रहा है। आखिर प्रदेश के युवाओं को रोजगार के लिए कब तक इंतजार करना पड़ेगा? सरकार को अपनी घोषणाओं और धरातल पर हुए कार्यों का तुलनात्मक आकलन कर जनता के सामने वास्तविक स्थिति रखनी चाहिए।
कुमारी सैलजा ने बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम में सोने से जुड़े विवाद तथा श्रद्धालुओं द्वारा दिए जाने वाले चढ़ावे के हिसाब पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दोनों धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं। साधारण परिवारों की महिलाएं भी अपनी बचत में से 50 या 100 रुपये श्रद्धापूर्वक दान करती हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को यह जानने का पूरा अधिकार है कि धामों में कितना चढ़ावा प्राप्त हुआ, उसका उपयोग कहां किया गया और उसकी निगरानी एवं जवाबदेही किसकी है। सरकार को दोनों धामों की आय-व्यय का पूरा विवरण सार्वजनिक करना चाहिए तथा सामने आए आरोपों की जांच की स्थिति भी स्पष्ट करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि जनता के धन और धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता अनिवार्य है। कांग्रेस महिला सुरक्षा, युवाओं के रोजगार, बेहतर शिक्षा, सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं और आम जनता के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रदेश के प्रत्येक जिले और विधानसभा क्षेत्र में उठाती रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जवाबदेही और ठोस परिणाम चाहिए।
जनसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, सहप्रभारी मनोज यादव, सांसद प्रदीप टम्टा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत, पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल तथा जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं ने जनसभा के माध्यम से प्रदेश में भाजपा सरकार के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया। कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर उसके अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी और उत्तराखंड में बदलाव की लड़ाई को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाएगी।




